Edited By Deepika Rajput,Updated: 14 May, 2018 09:55 AM
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर को सुधर जाने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर वह मर्यादा का पालन नहीं करेंगे तो भाजपा उनके खिलाफ सख्त कदम उठाने को मजबूर होगी।
लखनऊः बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर को सुधर जाने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर वह मर्यादा का पालन नहीं करेंगे तो भाजपा उनके खिलाफ सख्त कदम उठाने को मजबूर होगी।
बता दें कि, रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में पांडेय ने कहा कि भाजपा सहयोगी संगठनों के साथ सामंजस्य और सद्भाव बनाकर चल रही है। राजभर से बात कर उन्हें समझाने का प्रयास किया गया है। उम्मीद है कि राजभर समझ जाएंगे। अन्यथा भाजपा उनके खिलाफ सख्त कदम उठाने को मजबूर होगी।
गौरतलब है कि, ओम प्रकाश राजभर ने योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। मार्च में राज्यसभा चुनाव के पहले अमित शाह ने उन्हें बुलाकर बातचीत भी की थी। वहीं राज्यसभा चुनाव खत्म होने के बाद से राजभर ने फिर से योगी सरकार पर हमला बोलना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं उन्होंने 20 मई को शराबबंदी को लेकर महिलाओं के बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी है।