भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने जनता को गुमराह करने का अच्छा प्रदर्शन किया:अखिलेश

Edited By Ruby,Updated: 29 Jul, 2018 11:05 AM

सपा अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने जनता को गुमराह करने की अपनी कला का अच्छा प्रदर्शन किया है। यादव ने कहा कि भाजपा का यही चरित्र और आचरण है कि उसे करना कुछ नहीं है लेकिन श्रेय...

लखनऊः सपा अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने जनता को गुमराह करने की अपनी कला का अच्छा प्रदर्शन किया है। यादव ने कहा कि भाजपा का यही चरित्र और आचरण है कि उसे करना कुछ नहीं है लेकिन श्रेय जो नहीं किया है उसका भी जरूर लेना है। विकास के नाम पर झूठे आंकड़े पेश करने में इन लोगों को महारत हासिल है।

उन्होंने कहा कि यह कैसी विडंबना है कि बगैर कुछ किए मुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री की प्रशंसा की जाती है और प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री को बधाई दे रहे हैं। जनता हैरान है कि उनके हित में कुछ नहीं किया तब भी ये लोग एक दूसरे की तारीफ कर रहे हैं। सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ के विकास कार्यों का बड़ा सुन्दर हवाई खाका खींचा लेकिन यह बताने में उन्हें क्यों संकोच हुआ कि समाजवादी सरकार के समय ही प्रदेश में विकास को गति मिली। राजधानी का सौंदर्यीकरण हुआ।

उन्होंने कहा कि लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे जैसी शानदार 302 किलोमीटर की सड़क बनी जिस पर वायु सेना के विमान भी उतरे हैं। गोमती रिवरफ्रंट, जनेश्वर मिश्र पार्क बने। बेहतर होता लखनऊ में मेट्रो की चर्चा के साथ यह भी बता देते कि इसकी शुरूआत किसने की। यादव ने कहा कि भाजपा शासन में स्वास्थ्य-शिक्षा, कानून-व्यवस्था के साथ-साथ हर क्षेत्र में हालत बदतर हुई है, किसान आत्महत्या कर रहे हैं। बेकारी के कारण नौजवानों में हताशा है यह सब भाजपा शासन की ही देन है। इसके बाद बाहर से पूंजी निवेश और स्मार्ट सिटी की बातें सिर्फ अच्छा जोक हो सकती है।  

उन्होंनें कहा कि जनता यह जान चुकी है कि जुबानी जमा खर्च से विकास नहीं होता है। करीब 22 साल सत्ता में रहने के बावजूद गुजरात में न तो एक्सप्रेस-वे जैसी एक सड़क बना पाए, न समाजवादी सरकार की तरह 18 लाख लैपटॉप बांट पाए और न ही किसानों को फसल बीमा की सुविधा दे सके। समाजवादी सरकार में गरीबों को जो लोहिया आवास साढ़े तीन लाख रूपए में नि:शुल्क दिए गए उनमें एलईडी बल्ब, पंखे और सौर ऊर्जा भी सुलभ है। भाजपा तो उसमें भी लाभार्थियों से वसूली कर रही है। करीब 55 लाख गरीब महिलाओं को समाजवादी पेंशन का लाभ दिया गया था जिसे भाजपा ने छीन लिया।  

सपा अध्यक्ष ने कहा कि किसानों, गरीबों, महिलाओं, और युवाओं की बात करने वाले  मोदी को अपने कार्यकाल का रिकार्ड भी देख लेना चाहिए। देश में सारी सम्पत्ति दस प्रतिशत घरों में कैद है। गरीब और गरीब है। पूंजी घरानों के सौ खून माफ हैं। महिलाएं यहां तक कि बच्चियां तक सुरक्षित नहीं। नौजवानों को 2 करोड़ रोजगार देने का वादा था उल्टे उनसे नौकरियां छिन गई। नोटबंदी-जीएसटी ने व्यापार चौपट कर दिया। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि क्या यही उनका विकास है?
 

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!