Edited By Anil Kapoor,Updated: 07 Dec, 2018 10:45 AM
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि दुनिया में इससे देश का सम्मान और भरोसा घटा है। भारतरत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के 63वें परिनिर्वाण दिवस के मौके पर यादव ने कहा कि....
लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि दुनिया में इससे देश का सम्मान और भरोसा घटा है। भारतरत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के 63वें परिनिर्वाण दिवस के मौके पर यादव ने कहा कि बाबा साहब ने देश को जो संविधान दिया है उससे नागरिकों को मूलभूत अधिकार मिले हैं। भाजपा संविधान की परवाह नहीं करती है जो सामाजिक समानता के लिए खतरा है। भाजपा नफरत की राजनीति करती है। उसने समाज में विघटन पैदा कर दिया है। आर्थिक गैरबराबरी भी भाजपा सरकार में बढ़ी है। भाजपा की नीतियों से धर्मनिरपेक्षता को खतरा है
यादव ने कहा कि भारतीय संविधान में समाजवाद, धर्मनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक भारत बनाने की व्यवस्था है। समाजवादी पार्टी इसके लिए संकल्पित और संघर्ष के रास्ते पर है। राजनीतिक लड़ाई विचारों की है। संविधान से ही सम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से धर्मनिरपेक्षता को खतरा है। दुनिया में इससे देश का सम्मान और भरोसा घटा है। सामाजिक न्याय से भाजपा को परहेज है। उन्होंने कहा कि चुनावों में ईवीएम मशीनों को लेकर जनता के मन में संदेह है।मतदान के समय गड़बड़ी हो सकती है। यादव ने कहा कि देश में अर्थव्यवस्था चौपट है। नोटबंदी और जीएसटी ने आर्थिक संकट पैदा कर दिया है। बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं का कोई समाधान नहीं है। चिकित्सा और शिक्षा कुव्यवस्था की शिकार है। गरीबों से छीनकर व्यापार बड़े कारपोरेट प्रतिष्ठानों के पास पहुंचा दिया गया है। किसानों को फसल की सही कीमत नहीं मिल रही है। लोग सम्पन्न हों तो स्वयं शौचालय बना लेंगे। वैसे भी कहीं सफाई नहीं है। कूड़े का निस्तारण नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की बुरी दशा है। हत्या, लूट, अपहरण, बलात्कार की घटनाएं रूक नहीं रही है। जनता में भय और असुरक्षा है। कृषि का बुनियादी ढांचा खड़ा करने के लिए समाजवादी सरकार के समय आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे, कृषि उत्पाद के विपणन के लिए अनाज, आलू, दूध, फल-सब्जी की मंडियां, चारलेन की सड़कों के निर्माण का काम हुआ था। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों एक हैं। दोनों की नीतियां और कार्यक्रम एक जैसे है। कांग्रेस के कामों को ही भाजपा सरकार आगे बढ़ा रही है। भाजपा की अपनी कोई योजना या कार्यक्रम नहीं है। वह समाजवादी सरकार के कामों का ही उद्घाटन का उद्घाटन और शिलान्यास का शिलान्यास कर रही है।