Edited By Deepika Rajput,Updated: 05 Jun, 2019 10:13 AM
रामपुर सांसद आजम खान ने ईदगाह में नमाज अदा करने के बाद बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह के इफ्तार पर दिए गए बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उनकी सोच मुल्क के लिए खतरनाक है।
रामपुरः रामपुर सांसद आजम खान ने ईदगाह में नमाज अदा करने के बाद बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह के इफ्तार पर दिए गए बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उनकी सोच मुल्क के लिए खतरनाक है।
आजम खान ने कहा कि बीजेपी के एक मंत्री के शब्द सुने हैं, इफ्तार के बारे में कितनी नापाक सोच है। कितनी गंदी और गिरी हुई सोच है। उनकी सोच मुल्क के लिए खतरनाक है। कमजोर लोगों के लिए कितने तबाहकून मंसूबे हैं, लेकिन बरहाल सब चीजों का मुकाबला होगा। बता दें कि, गिरिराज ने अपने ट्विटर अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर कर लिखा था कि कितनी खूबसूरत तस्वीर होती जब इतनी ही चाहत से नवरात्रि पे फलाहार का आयोजन करते और सुंदर-सुंदर फोटो आते?...अपने कर्म धर्म में हम पिछड़ क्यों जाते और दिखावा में आगे रहते है?
गठबंधन पर व्यक्त की प्रतिक्रिया
इस दौरान उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन टूटने और दोनों पार्टियों के अलग-अलग उपचुनाव लड़ने पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक पार्टियां तय करेंगी। उपचुनाव में अलग अलग चुनाव लड़ने पर आजम खान ने कहा कोई बात नहीं देखा जाएगा। अभी जरूरी नहीं है कि जो आप सुन रहे हैं वही सच हो।
जिला प्रशासन को लिया आड़े हाथों
आजम खान ने जिला प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बहुत डर था इस बात का कि पता नहीं प्रशासन इस ईद को किस रंग में रंग दे। जिला प्रशासन ने रामपुर वालों पर बहुत जुल्म किए हैं। यह दो-तीन महीने बहुत भारी गुजरे हैं और हम समझते हैं जो भारी यहां गुजरे हैं पूरे मुल्क में ऐसे ही गुजरे होंगे।