Edited By Anil Kapoor,Updated: 24 Aug, 2018 01:49 PM
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जेठवारा क्षेत्र में वांछित आरोपी को पकड़ने गए पुलिस दल पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जिसमें एक पुलिस उपनिरीक्षक घायल हो गया।
प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जेठवारा क्षेत्र में वांछित आरोपी को पकड़ने गए पुलिस दल पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जिसमें एक पुलिस उपनिरीक्षक घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मकई पतुलकी गांव में पुलिस की टीम लूटपाट के आरोपी वसीम को पकड़ने गई थी। इस दौरान ग्रामीण हमलावर हो गए और पथराव करने लगे। इस घटना में जेठवारा थाने में तैनात उपनिरीक्षक अजय सिंह घायल हो गए। ग्रामीणों के हमले के चलते पुलिस को मौके से जान बचाकर भागना पड़ा। इस दौरान आरोपी वसीम घर से निकल कर भागने में कामयाब हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक शिवा शुक्ल कई थानों की पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हमला करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपी गांव छोड़ कर भाग गए। पूरा गांव छावनी में तब्दील हो गया है। इस सिलसिले में 10 नामजद और 100 अज्ञात हमलावरो पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस आरोपियों को पकड़ने लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। प्रतापगढ़ जिले में पिछले कई माह से लूट हत्या, छिनैती की घटनाएं बढ़ी है।उल्लेखनीय है कि इलाहाबाद जोन के पुलिस महानिरीक्षक मोहित अग्रवाल लगातार प्रतापगढ़ आकर अपराध की समीक्षा कर रहे है। उनके निर्देश पर पुलिस अभियान चलाकर अपराधियों की धर-पकड़ कर रही है।