Edited By Umakant yadav,Updated: 11 May, 2020 07:02 PM
कोरोना वायरस के बीच जनपद में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 12 वर्षीय नाबालिग की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। सोमवार की सुबह उसका निर्वस्त्र शव गांव के बाहर प्लॉट में पड़ा मिला। मौके पर पहुंची...
आगरा: कोरोना वायरस के बीच जनपद में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 12 वर्षीय नाबालिग की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। सोमवार की सुबह उसका निर्वस्त्र शव गांव के बाहर प्लॉट में पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। इसके साथ ही घटना स्थल पर गहनता से छानबीन की।
दुष्कर्म के बाद हत्या की जताई जा रही आशंका
बता दें कि सैंया थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 12 वर्षीय बालिका सोमवार सुबह शौच के लिए गई थी। इसके बाद घर नहीं लौटी। ग्रामीणों ने उसका निर्वस्त्र शव एक खाली प्लॉट में पड़ा देखा। उसके शरीर और चेहरे पर खरोंच के निशान पाए गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एसपी ग्रामीण रवि कुमार और कई थानों की फोर्स पहुंच गई। मौके पर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस ने ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। प्रथम दृष्टया दुष्कर्म के बाद हत्या की बात सामने आई है।
बालिका के साथ हुए जघन्य अपराध से ग्रामीणों में आक्रोश
वहीं ग्रामीणों ने बताया बालिका कक्षा आठ की छात्रा थी। उसके माता-पिता की वर्षों पहले मौत हो चुकी है। वो अपने बड़े ताऊ के पास रहती थी। बालिका के साथ हुए जघन्य अपराध से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। उन्होंने पुलिस से घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है।