Edited By Anil Kapoor,Updated: 06 Aug, 2018 11:40 AM
उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के चरखारी क्षेत्र में कर्ज से परेशान एक किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस उपाधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि अटकोहा गांव निवासी 43 वर्षीय किसान प्रहलाद राजपूत ने रविवार रात मकान में फंदा लगाकर फांसी लगा ली जिससे...
महोबा: उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के चरखारी क्षेत्र में कर्ज से परेशान एक किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस उपाधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि अटकोहा गांव निवासी 43 वर्षीय किसान प्रहलाद राजपूत ने रविवार रात मकान में फंदा लगाकर फांसी लगा ली जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के समय उसके परिवार के अन्य लोग दूसरे कमरे में सो रहे थे।
उन्होंने बताया कि परिजनों ने सुबह प्रह्लाद को फंदे पर लटका देखा तो घर में कोहराम मच गया। सूचना पर वहां पहुंची पुलिस ने शव फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रह्लाद 30 बीघे का काश्तकार था, लेकिन पिछले कई साल से खेती सूखे की भेंट चढ़ने से उसकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी। उसने किसान क्रेडिट कार्ड से बैंक से डेढ़ लाख रुपए का कर्ज ले रखा था। इसके अलावा 2 लाख रुपए साहूकारों का भी कर्ज था। कर्ज चुकाने को लेकर वह काफी परेशान था।
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि तहसीलदार परशुराम पटेल पीड़ित परिवार के घर गए और घटना की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार को आवश्यक सरकारी मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। उल्लेखनीय है कि जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान 2 किसानों द्वारा आत्महत्या की गई।