Edited By Deepika Rajput,Updated: 04 Jun, 2019 02:59 PM
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गठबंधन टूटने का संकेत देते हुए दावा किया है कि सपा 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में अपने दम पर सरकार बनाएगी।
आजमगढ़ः सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गठबंधन टूटने का संकेत देते हुए दावा किया है कि सपा 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में अपने दम पर सरकार बनाएगी।
अखिलेश यादव जनता का आभार जताने के लिए सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में आए थे। यहां बसपा के साथ संबंधों के सवाल पर वे कन्नी काट गए। सपा अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी जाति के नाम पर सपा को बदनाम करती है, लेकिन असल में जातिवाद का जहर समाज में वो ही बो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में हत्याएं हो रही हैं और सबके साथ न्याय नहीं किया जा रहा है। सरकार सब के साथ भेदभाव कर रही है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या होती है तो मंत्री से लेकर सरकार तक दोषियों को पकड़ने में जुड़ जाते हैं, लेकिन सपा के कार्यकर्ताओं की हत्या हुई उनकी कोई सुध लेने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि 'एक जिला एक उत्पाद' का सिर्फ नारा है आज तक प्रदेश में एक भी उद्योग नहीं लगा है।