युवा प्रोफेशनल से संसद तक का सफर, अखिलेश यादव ने राज्यसभा के लिए धनराज नथवानी पर जताया भरोसा

Edited By Sahil Kumar,Updated: 30 Sep, 2026 04:18 PM

akhilesh yadav places his trust in dhanraj nathwani for the rajya sabha

नई पीढ़ी का एक प्रोफेशनल अब राष्ट्रीय राजनीति में अपनी नई पारी शुरू करने जा रहा है। धनराज परिमल नथवानी उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार हैं। उन्होंने बुधवार को लखनऊ में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए...

उत्तर प्रदेशः नई पीढ़ी का एक प्रोफेशनल अब राष्ट्रीय राजनीति में अपनी नई पारी शुरू करने जा रहा है। धनराज परिमल नथवानी उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार हैं। उन्होंने बुधवार को लखनऊ में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो. रामगोपाल यादव भी मौजूद रहे, जो राज्यसभा के लिए पार्टी के दूसरे उम्मीदवार हैं।

धनराज नथवानी रिलायंस समूह के कई महत्त्वपूर्ण कारोबारी उपक्रमों और संस्थागत पहलों में वरिष्ठ जिम्मेदारियाँ संभाल चुके हैं। वह रिलायंस कॉर्पोरेट आईटी पार्क लिमिटेड के बोर्ड सदस्य हैं और रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के महत्वपूर्ण विनिर्माण एवं कारोबारी क्षेत्रों का संचालन भी देखते हैं। उद्योग, इंफ्रास्ट्रक्चर और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में उनका लंबा अनुभव रहा है।

कॉर्पोरेट जगत से आगे भी उनकी सार्वजनिक भूमिका रही है। धनराज नथवानी गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं, जहाँ वे राज्य में क्रिकेट के प्रशासन और उसके विकास से जुड़े रहे हैं। गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन ही अहमदाबाद स्थित नरेन्द्र मोदी स्टेडियम का संचालन करती है। उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी के पास अपने दोनों राज्यसभा उम्मीदवारों को निर्वाचित कराने के लिए पर्याप्त संख्या में विधायक हैं। राज्यसभा चुनाव 16 अक्टूबर को होना निर्धारित है।

धनराज नथवानी की संस्थागत भूमिकाएँ धर्म, वन्यजीव, शिक्षा और ऊर्जा अनुसंधान जैसे विभिन्न क्षेत्रों तक फैली हुई हैं। वे द्वारका स्थित द्वारकाधीश मंदिर प्रशासनिक समिति के उपाध्यक्ष हैं। इसके अलावा वे गुजरात राज्य वन्यजीव बोर्ड और नाथद्वारा मंदिर बोर्ड से भी जुड़े हैं। शिक्षा और ऊर्जा के क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय भूमिका है। वे पंडित दीनदयाल एनर्जी यूनिवर्सिटी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य हैं और गुजरात एनर्जी रिसर्च एंड मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट से भी जुड़े हुए हैं।

कॉर्पोरेट जगत में निभाई गई जिम्मेदारियों और विभिन्न संस्थागत भूमिकाओं के चलते धनराज नथवानी को कारोबार, इंफ्रास्ट्रक्चर, खेल और सार्वजनिक संस्थानों के साथ काम करने का व्यापक अनुभव मिला है। समाजवादी पार्टी की ओर से राज्यसभा के लिए उनके नामांकन के साथ अब यही अनुभव राजनीतिक क्षेत्र में भी प्रवेश कर रहा है। उनकी प्रस्तावित संसदीय भूमिका का केंद्र उत्तर प्रदेश होगा, जहाँ उनके अनुभव और विशेषज्ञता को प्रदेश की जरूरतों और आकांक्षाओं से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।

नामांकन दाखिल करने के बाद धनराज नथवानी ने कहा, “उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए समाजवादी पार्टी का उम्मीदवार चुने जाने पर मैं पार्टी के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ और उनके प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करता हूँ। सार्वजनिक जीवन के इस नए चरण की शुरुआत करते हुए मैंने आज लखनऊ में माननीय अखिलेश यादव जी की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। आप सभी के स्नेह, विश्वास और शुभकामनाओं के लिए मैं हृदय से आभारी हूँ।”
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!