Edited By Punjab Kesari,Updated: 09 Oct, 2017 03:48 PM
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नोटबंदी और जीएसटी पर केंद्र की आलोचना करते हुए मोदी पर निशाना साधा है....
मथुराः समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नोटबंदी और जीएसटी पर केंद्र की आलोचना करते हुए मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मोदी इनसे पड़े असर की वास्तविकता को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। अखिलेश ने भाजपा पर किसानों के लिए कर्ज माफी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर लोगों को गुमराह करने का आरोप भी लगाया है।
वृंदावन में धर्मशाला की नींव रखते हुए यादव ने कहा कि कोई पार्टी नहीं है जो भाजपा जितना झूठ बोलती हो। उन्होंने कहा कि कर्ज माफी योजना से किसानों को लुभाने से लेकर भ्रष्टाचार और आम आदमी की आय बढ़ाने तक भाजपा ने जानबूझकर इस हद तक लोगों को गुमराह किया कि मेरी पार्टी सत्ता में ना आ सकें।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान भाजपा ने किसानों के लिए कर्ज माफी योजना की जानकारियां नहीं दी और बाद में संशोधन पर संशोधन किए जिससे अधिकांश लोग लाभ से वंचित रहे। उन्होंने दावा किया कि विमुद्रीकरण और वस्तु एवं सेवा कर ने लोगों को सड़क पर आने के लिए मजबूर किया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री के इस बयान को भी नकार दिया कि नोटबंदी के बाद भ्रष्टाचार खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दावा किया कि वर्ष 2022 तक वह सुनिश्चित करेगी कि किसानों की आय दोगुनी हो जाए, लेकिन अभी तक इसके विपरीत हुआ है।