Edited By Tamanna Bhardwaj,Updated: 18 May, 2018 05:54 PM
आगरा पुलिस की लापरवाही के कारण जानलेवा हमले का आरोपी फरार हो गया। अभिरक्षा में तैनात 3 सिपाही और 2 होमगार्ड को चकमा देने में आरोपी सूर्यपाल कामयाब रहा। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस हाथ मलते ही रह गई...
आगराः आगरा पुलिस की लापरवाही के कारण जानलेवा हमले का आरोपी फरार हो गया। अभिरक्षा में तैनात 3 सिपाही और 2 होमगार्ड को चकमा देने में आरोपी सूर्यपाल कामयाब रहा। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस हाथ मलते ही रह गई।
दरअसल आगरा के सिकंदरा क्षेत्र के मागारौल गुर्जर निवासी सूर्यपाल ने 15 मई की सुबह किसान धनवीर को गोली मारकर घायल कर दिया था। घटना को अंजाम देकर सूर्यपाल मौके से फरार हो गया। सूर्यपाल पर धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। शुक्रवार की सुबह ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। जेल भेजने से पूर्व शुक्रवार दोपहर को पुलिस उसका मेडिकल कराने के लिए जिला अस्पताल लाया गया था। उसके पर्चे जमा करने के बाद सूर्यपाल को लाइन में खड़ा कर दिया गया था।
वहीं परीक्षण के लिए उसके हाथों से हथकड़ी भी हटा दी गई थी। उसकी बारी का इंतजार कर रहे पुलिसकर्मियों को आरोपी ने इतनी ही देर में चकमा दे दिया और नजर बचाकर भाग निकला। आरोपी के फरार होने से अस्पताल परिसर में अफरा तफरी मच गई। उसके फरार होने के बाद कंट्रोल रूम में सूचित किया गया। पुलिस टीम गठित कर उसके घर और रिश्तेदारी में दबिश दे रही है। एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह के अनुसार दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फरार आरोपी को जल्द से जल्द हिरासत में लिया जाएगा।