Edited By ,Updated: 18 Nov, 2016 02:56 PM
गोरखपुर में एक अनोखी शादी लोगों में चर्चा का विषय बनी हुई है। शादी के बाद शुक्रवार सुबह जब दुल्हा-दुल्हन को सजी धजी बुलेेट मोटरसाइकिल पर लेकर विदाई कराकर निकला तो देखने वालों की होड़ लग गई।
गोरखपुर (अजित सिंह): गोरखपुर में एक अनोखी शादी लोगों में चर्चा का विषय बनी हुई है। शादी के बाद शुक्रवार सुबह जब दुल्हा-दुल्हन को सजी धजी बुलेेट मोटरसाइकिल पर लेकर विदाई कराकर निकला तो देखने वालों की होड़ लग गई। बुलेट रानी जिधर से भी गुजरी सेल्फी लेने वालों की भी होड़ सी लग गई। दुल्हा और दुल्हन के साथ उसकी बहनेंं और कुछ रिश्तेदार भी कार से पूरे शहर के भ्रमण के बाद घर पहुंचे। घर पर दुल्हे की मां ने परछावन की रस्म निभाई। एकलौते भाई की अनोखी शादी की गवाह बनी बहनें और मां इस अनोखी विदाई से बहुत खुश हैं। वहीं दुल्हा और दुल्हन भी इसे यादगार पल बता रहे हैं।
गोरखपुर के लाल डिग्गी रोड निवासी स्वा. रमेश चन्द्र गुप्ता, श्रीमती आशा गुप्ता के पुत्र गौरव गुप्ता की शादी तीन-चार माह पहले देवरिया के आनंद कुमार कश्यप और श्रीमती सविता गुप्ता की बेटी अंकिता के साथ तय हुई थी। उसी समय गौरव के मामा ने शादी में अनोखी विदाई का प्लान बनाया। 17 नवंबर को शहर के एक मैरिज हाल में शादी का सारा कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। जब सुबह विदाई का समय आया तो दुल्हा सजीधजी बुलेट रानी पर साज श्रृंगार के साथ दुल्हन को लेकर शहर का भ्रमण कराने के लिए निकल पड़ा। बुलेट पर दुल्हा और दुल्हन को देखने वालों में सेल्फी लेने की होड़ लग गई। गौरव की रेती रोड पर साइकिल की दुकान है। वह बुलेट पर दुल्हन अर्चना के साथ जब निकले तो न ही उनके चेहरे पर कोई शिकन दिखाई दी और न ही दुल्हन अर्चना के चेहरे पर। वह भी हंसी खुशी बुलेट पर बैठ कर दूल्हे गौरव के साथ निकल पड़ी। बैंक रोड से गौरव बुलेट से टाउनहाल, विश्वविद्यालय चौराहा, रामगढ़ताल, अंबेडकरचौक, शास्त्री चौक, घोषकंपनी, रेती रोड होते हुए अपने घर लालडिग्गी पहुंचे। उनका कहना है कि पहले से ही उन्होंने यह प्लान बनाया था। वहीं दुल्हन अंकिता के लिए भी यह पल अनोखा इसलिए था क्योंकि उसने सपने में भी नहीं सोचा था कि उनके पति गौरव इस पल को इस तरह यादगार बनाना चाहते हैं।
परिजनों ने जताई खुशी
इस दौरान दुल्हा-दुल्हन के साथ चल रही उनकी बहन श्रद्धा और शालिनी ने खुशी जताते हुए बताया कि उनका इकलौता भाई है और उन्हें इस बात की खुशी हो रही है उनके भाई ने अनोखे तरीके से विदाई का प्लान बनाया। उनका कहना है कि बुुलेट पर विदाई देखकर लोगों को भी हैरत हो रही है और वह सेल्फी लेने के लिए आतुर दिख रहे हैं। ऐसे में उन्हें इस बात का अहसास हो रहा है कि वाकई में कुछ अलग करने से लोग खुद ही आपके साथ हो लेते हैं। वहीं परछावन की रस्म कर रहींं दूल्हे गौरव की मां आशा देवी का कहना है कि बहुत अच्छा लग रहा है। जब पूूरा देश नोटबंदी से परेशान है, तो लोगों को खुशी देनेे का इससे अच्छा तरीका और क्या हो सकता है।
नोटबंदी के कारण जहां पूरे देश में हाहाकार मचा हुआ है, तो वहीं गौरव के शादी के बाद इस अनोखी विदाई के तरीके ने लोगों के चेहरे पर थोड़ी मुस्कान तो ला ही दी है।
UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें