Edited By ,Updated: 13 Feb, 2017 08:01 PM
भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने समाजवादी पार्टी(सपा) पर हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश सरकार का काम नहीं अपराध बोलता है।
लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने समाजवादी पार्टी(सपा) पर हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश सरकार का काम नहीं अपराध बोलता है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने आज यहां कहा कि सरकार के मंत्री, विधायक एवं कार्यकर्ता ही कानून व्यवस्था के लिए चुनौती साबित हो रहे हैं। विधायक एवं सुलतानपुर से प्रत्याशी अरुण वर्मा पर महिला की हत्या का आरोप सपा के स्याह चेहरे को फिर से उजागर करता है।
शुक्ला ने कहा कि कल सुलतानपुर में बलात्कार पीड़ित महिला की हत्या, लखनऊ के हसनगंज से अगवा कर महिला की हत्या एवं बाराबंकी में घर में घुसकर लूटपाट एवं महिला की हत्या से प्रदेश भयाक्रान्त हो उठा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एक तरफ 1090 का थोथा प्रचार कर महिला अपराधों पर अपनी पीठ थपथपा रहे हैं वहीं प्रदेश में हर तीन मिनट पर कोई एक बच्ची छेड़छाड़ से परेशान होकर मदद की गुहार लगा रही है। ये भाजपा नहीं 1090 बोल रहा है। भाजपा नेता ने कहा कि 1090 के आकड़ों को ही आधार मानें तो 15 नवंबर 2012 से 31 जनवरी 2017 तक छह लाख 80 हजार 611 मामले पंजीकृत किये गये और कार्रवाई मात्र 610 मामलों पर हुई।
शुक्ला ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कटाक्ष करते हुएए कहा कि प्रदेश में अपराधियों को ‘साथ पसंद’ आ रहा है। कांग्रेस और सपा के गठबंधन के बाद प्रदेश में अपराधों में बेतहाशा वृद्ध किस ओर इशारा कर रही है। मुख्यमंत्री जवाब दें सुलतानपुर में कल जिस बलात्कार पीड़ित महिला की हत्या हुई उसकी सुरक्षा किसके इशारे पर हटाई गयी, जबकि बलात्कार का आरोप उनके ही अपने विधायक अरुण वर्मा पर था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कानून व्यवस्था के मामले पर फेल सपा-कांग्रेस के गठबंधन को अपने वोट के चोट से जवाब देगी।
UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें