Edited By Punjab Kesari,Updated: 13 Dec, 2017 11:05 AM
भगवा रंग और राष्ट्रगीत को लेकर विरोध तकरार की छिटपुट घटनाओं के बीच यूपी में नगर निकाय चुनाव में निर्वाचित महापौर, नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्षों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। भाजपा शासित 14 नगर निगमों में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भगवा रंग...
लखनऊ: भगवा रंग और राष्ट्रगीत को लेकर विरोध तकरार की छिटपुट घटनाओं के बीच यूपी में नगर निकाय चुनाव में निर्वाचित महापौर, नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्षों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। भाजपा शासित 14 नगर निगमों में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भगवा रंग चर्चा का केन्द्र बना। समाजवादी पार्टी ने इसका खुलकर विरोध किया।
जानकारी के अनुसार लखनऊ नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नवनिर्वाचित महापौर संयुक्ता भाटिया के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और मंत्री सुरेश खन्ना मौजूद थे, जबकि बरेली में महापौर उमेश गौतम के शपथ ग्रहण समारोह में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने हौसलाफजाई की। झांसी में भगवा रंग में रंगे मुक्ताकाशी मंच पर आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मंडलायुक्त अमित गुप्ता और विधायक रवि शर्मा ने भाजपा के महापौर रामतीर्थ सिंघल और 60 पार्षदों को शपथ दिलाई।
बता दें कि अयोध्या नगर निगम में सपा के पार्षदों ने शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत नहीं की, वहीं मेरठ में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान वंदेमातरम गीत को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच नोकझोंक हुई।