Edited By Punjab Kesari,Updated: 25 Aug, 2017 05:28 PM
सच्चा डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को बलात्कार के मामले में केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत द्वारा दोषी ठहराये जाने के बाद ङ्क्षहसा की आशंका के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में हाई एलर्ट घोषित कर दिया गया।
लखनऊ: सच्चा डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को बलात्कार के मामले में केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत द्वारा दोषी ठहराये जाने के बाद हिंसा की आशंका के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में हाई एलर्ट घोषित कर दिया गया।
दिल्ली,पंजाब और हरियाणा से लगे उत्तर प्रदेश के जिलों में विशेष चौकसी बरती जा रही है। मेरठ मंडल के जिलों में संदिग्धों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिये गये हैं। सच्चा डेरा का बागपत जिले के बरनावा में स्थित एक बड़ा आश्रम है। आश्रम के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गयी है और आने जाने वालों की चेकिंग की जा रही है।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) आनन्द कुमार ने बताया कि हरियाणा से सटे उत्तर प्रदेश के जिलों की सीमा लगभग सील कर दी गयीं हैं। राज्य में हाई एलर्ट जारी किया गया है। जमावड़ा नहीं लगने देने के सख्त आदेश दिये गये हैं। गड़बड़ी करने वालों को गिरफ्तार करने के सख्त आदेश दिये गये हैं। राज्य के पश्चिमी इलाकों में गुरमीत रामरहीम के समर्थकों की अच्छी खासी संख्या है। आशंका है कि उनके समर्थक उत्तर प्रदेश में भी गड़बड़ी करवा सकते हैं।
गौरतलब है कि अदालत का फैसला आने के बाद पंचकूला और उसके आसपास के क्षेत्रों में बाबा गुरमीत के अनुयायी हिंसा पर उतर आये। समर्थकों ने पथराव किया। उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के पुलिस ने कई जगह बल प्रयोग किया।