Edited By Punjab Kesari,Updated: 13 Aug, 2017 12:35 PM
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि गोरखपुर के अस्पताल हादसे पर....
होशंगाबाद\गोरखपुर: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि गोरखपुर के अस्पताल हादसे पर लालबहादुर शास्त्री के नाती सिद्धनाथ सिंह का बयान शर्मनाक है। सिंह ने मध्यप्रदेश में स्थित हिल स्टेशन पचमढ़ी जाते समय पिपरिया में पत्रकारों से बात की और कहा कि उत्तरप्रदेश सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धनाथ सिंह का बयान शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि सिद्धनाथ इस तरह का बयान दे रहें हैं जबकि लालबहादुर शास्त्री ने एक एक्सीडेंट पर रेल मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। यह उनकी नैतिकता थी।
सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि सिद्धनाथ सिंह की सरकार में एक अस्पताल में 32 से ज्यादा बच्चों की मौत हो गई। जहां अस्पताल के पास आक्सीजन सिलेंडर खरीदने के लिए पैसे नहीं है, वहीं एक-एक विधायक खरीदने के लिए भाजपा के पास 15-15 करोड़ रूपए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नहीं चला रही हैं। ठेकेदार माफिया उसमें शामिल है। गोरखपुर की जनता ने योगी अदित्यनाथ को चुना है। उन्हें ऑक्सीजन की कमी से मारने वाले बच्चों के मामले में गंभीरता दिखानी चाहिए।