Edited By ,Updated: 23 Sep, 2016 07:55 AM
लखनऊ की एक महिला ने आई.सी.आई.सी.आई. बैंक की सी.ई.ओ. चंदा कोचर सहित 10 अफसरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
लखनऊ: लखनऊ की एक महिला ने आई.सी.आई.सी.आई. बैंक की सी.ई.ओ. चंदा कोचर सहित 10 अफसरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई है। बता दें कि बैंक कर्मियों की मदद से जालसाजों ने रिटायर्ड पुलिस अफसर की बेटी श्वेता सिंह के 2 अकाऊंट्स से 9.85 लाख रुपए पर हाथ साफ कर दिया। घटना से पहले महिला ने चैक बुक और ए.टी.एम. गुम होने की सूचना बैंक को दी थी।
जानकारी के अनुसार लखनऊ और दिल्ली के अकाऊंट्स से मोटी रकम निकलने का मैसेज देख कर महिला के होश उड़ गए। बैंक के चक्कर लगाने के साथ ईमेल के जरिए शिकायत किए जाने के बाद भी जब महिला को कोई मदद नहीं मिली तो उसने आई. सी. आई. सी. आई. बैंक की सी.ई.ओ. चंदा कोचर सहित 10 अफसरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
श्वेता के अकाऊंट से पैसा निकालने के मामले में बैंक की लापरवाही के साथ साजिश भी सामने आ रही है। दरअसल, 50 हजार से ज्यादा रकम निकालने के लिए अकाऊंट होल्डर से संपर्क किया जाता है, लेकिन 8 लाख की रकम निकलने के बाद भी श्वेता से कंफर्म नहीं किया गया। कस्टमर केयर के पास सूचना होने के बाद भी अकाउंट ब्लॉक नहीं किया गया।
पीड़ित श्वेता सिंह दिल्ली के एक प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं, साथ ही वह एक फर्म भी चलाती हैं। श्वेता का आई.सी.आई.सी.आई. बैंक हलवासिया मार्कीट हजरतगंज ब्रांच, लखनऊ में सेविंग अकाऊंट है, जबकि साऊथ एक्सटैंशन पार्ट-2 दिल्ली में फर्म का करंट अकाऊंट है।