Edited By Nitika,Updated: 02 Aug, 2018 01:43 PM
झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य की सेवा के लिए 3 करोड़ जनता की और से 15वें वित्त आयोग की टीम का झारखंड में स्वागत है। इस दौरान उन्होंने कहा कि झारखंड एक युवा राज्य है लेकिन 14 साल की राजनीतिक अस्थिरता के कारण राज्य का संपूर्ण विकास...
रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य की सेवा के लिए 3 करोड़ जनता की और से 15वें वित्त आयोग की टीम का झारखंड में स्वागत है। इस दौरान उन्होंने कहा कि झारखंड एक युवा राज्य है लेकिन 14 साल की राजनीतिक अस्थिरता के कारण राज्य का संपूर्ण विकास नहीं हो पा रहा है।
सरकार के द्वारा प्रत्येक सेक्टर में तेजी से किया जा रहा काम
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने हमें राज्य की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी के चलते सरकार के द्वारा प्रत्येक सेक्टर में तेजी के साथ काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के पास प्रचूर संसाधन है। उन्होंने 15वें वित्त आयोग से अपील करते हुए कहा कि राज्य के विकास पर अधिक जोर दें। सीएम ने कहा कि छोटे राज्य के विकास से देश के विकास को बल मिलेगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी यही लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सरकार के द्वारा प्रयास किया जा रहा है विकास की किरण को जन-जन तक पहुंचाया जाए।
वित्त आयोग की सहायता से विकास कार्यों को मिलेगी तेजी
रघुवर दास ने कहा कि झारखंड के 19 जिले आकांक्षी जिलों में शामिल हैं, जिनके विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। राज्य बड़ी मात्रा में केंद्रीय अनुदान पर निर्भर है, इसलिए राज्य के विकास में वित्त आयोग की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आदिवासियों के सर्वांगीण विकास के लिए कृतसंकल्पित है। सिंचाई, रोड और बिजली के क्षेत्र में वित्त आयोग की सहायता से विकास कार्य में तेजी मिलेगी। सीएम ने कहा कि वित्त आयोग के सदस्य राज्य की जरुरतों से भली-भांति परिचित है। इस समृद्ध राज्य में से पल-पल गरीबी को खत्म करने के लिए वित्त आयोग की बड़ी भूमिका होगी।