Edited By Nitika,Updated: 29 Dec, 2019 06:55 PM
झामुमो महागठबंधन का नेतृत्व करने वाले हेमंत सोरेन ने आज रांची के मोरहाबादी मैदान में 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद हेमंत कैबिनेट की पहली बैठक आयोजित की गई।
रांचीः झामुमो महागठबंधन का नेतृत्व करने वाले हेमंत सोरेन ने आज रांची के मोरहाबादी मैदान में 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद हेमंत कैबिनेट की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में 3 प्रस्तावों पर कैबिनेट ने मुहर लगाई। कैबिनेट सचिव अजय कुमार ने प्रेस कॉन्फेंस कर बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी दी।
कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसले इस प्रकार हैः-
- झारखंड राज्य का लोगो संशोधित होगा। आम लोगों से लेकर संगठनों तक से प्रस्ताव आमंत्रित
- 6 और 8 जनवरी को नए विधायक को दिलाई जाएगी शपथ
- सीएनटी, एसपीटी एक्ट में संशोधन के खिलाफ आंदोलन और पत्थलगढ़ी करने वालों पर हुए मुकदमे वापस होंगे
- सरकारी नियुक्तियों को भरने का फैसला
- महिलाओं और अव्यस्कों के खिलाफ हो रहे यौन अपराध के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट और आवश्यकता के अनुसार न्यायिक पदाधिकारियों के पद सृजित होंगे
- ठंड से बचाव के लिए चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करवाएंगे उपायुक्त और नगर आयुक्त
- उपायुक्तों को प्रखंड और पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर सभी प्रकार के लंबित भुगतान पूर्ण करवाने का निर्देश
- सभी उपायुक्तों को गरीबों के लिए प्राथमिकता के आधार पर कंबल और ऊनी टोपी उपलब्ध करवाने का निर्देश
बता दें कि राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष को मुख्यमंत्री के पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। 44 वर्षीय सोरेन दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने हैं। इस दौरान महागठबंधन के घटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं लोहरदगा से विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव एवं पाकुड़ से विधायक आलमगीर आलम और राजद के चतरा से एकमात्र विधायक सत्यानंद भोक्ता ने मंत्री पद की शपथ ली।