Edited By prachi,Updated: 06 Dec, 2019 04:46 PM
पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने शुक्रवार को केन्द्र की भाजपा सरकार को नाकाबिल बताते हुए कहा कि उसकी नीतियों के चलते देश की अर्थव्यवस्था भारी संकट में है और राष्ट्रीय विकास दर पांच प्रतिशत के भी नीचे जाने की आशंका है। आईएनएक्स मीडिया घोटाले से जुड़े...
रांचीः पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने शुक्रवार को केन्द्र की भाजपा सरकार को नाकाबिल बताते हुए कहा कि उसकी नीतियों के चलते देश की अर्थव्यवस्था भारी संकट में है और राष्ट्रीय विकास दर पांच प्रतिशत के भी नीचे जाने की आशंका है।
आईएनएक्स मीडिया घोटाले से जुड़े मामले में सर्वोच्च न्यायालय से बुधवार को जमानत मिलने के बाद पहली बार चिदंबरम झारखंड विधानसभा चुनावों में कांग्रेस और उसके गठबंधन सहयोगियों के लिए चुनाव प्रचार करने यहां पहुंचे। इस दौरान एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था भारी संकट में है। रिजर्व बैंक ने फरवरी में देश की विकास दर 7.4 प्रतिशत रहने का अनुमान किया और सिर्फ दस माह बाद दिसंबर में पांच प्रतिशत विकास दर होने की बात कही है। दस माह के भीतर इतनी गिरावट कभी नहीं देखी गयी। यह अभूतपूर्व है।
चिदंबरम ने कहा कि जिस देश में अनाज की इतनी पैदावार होती हो वहां लोग भुखमरी के शिकार हो रहे हों यह ‘शर्मनाक' है। उन्होंने देश में बीस हजार लोगों के भुखमरी की चपेट में आने का दावा किया। चिदंबरम ने कहा कि झारखंड की रघुवर सरकार भयानक रूप से नाकाबिल है और कुप्रबंधन की शिकार है। अतः भाजपा को सत्ता से बाहर करना ही होगा।
पूर्व वित्त मंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस राज्य में अपने सहयोगियों झारखंड मुक्ति मोर्चा और राजद के साथ मिलकर एक काबिल सरकार देगी लेकिन इस सवाल पर कि आखिर जेल में बंद लालू यादव और भाजपा की सहयोगी रही झामुमो के साथ वह कैसे काबिल सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं, वह निरुत्तर रह गए। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस झामुमो के साथ मिलकर काबिल सरकार राज्य को दे सकती है।