Edited By Ajay kumar,Updated: 05 Dec, 2019 05:50 PM
झारखंड विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गुरुवार को भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जमशेदपुर में जनसभा को संबोधित किया।
जमशेदपुरः झारखंड विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गुरुवार को भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जमशेदपुर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समस्याओं को लटकाना नहीं, बल्कि उसका समाधान करना जानते हैं।
सीएम योगी ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि धारा 370 और राम मंदिर जैसी जटिल समस्याएं जो इतने सालों से नहीं सुलझ रही थी वो मोदी के कार्यकाल में चुटकियों में हल हो गई। झारखंड के विकास की बात करते हुए उन्होंने आगे कहा कि केन्द्र और राज्य में एक जैसी सरकार होने के कारण विकास दुगुनी तेजी से हो रहा है। इसी क्रम में सीएम योगी ने कहा कि मोदी है तो मुमकिन है।
वहीं सीएम ने झारखंड की जनता से अपील करते हुए कहा कि अयोध्या आइए और रामलला का दर्शन कीजिए और मंदिर निर्माण में अपनी भूमिका निभाइए। साथ ही उन्होंने जनता से जुगसलाई के भाजपा प्रत्याशी मुचीराम बाऊरी के लिए वोट की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार लोकसभा चुनाव में विद्युतवरण महतो को जिताया, वैसे ही विधानसभा चुनाव में जुगसलाई से मुचीराम बाऊरी को जिताइए।