Edited By Deepika Rajput,Updated: 25 Mar, 2019 06:08 PM
आजसू पार्टी के नेता और झारखंड सरकार में पेयजय एवं स्वच्छता और जल संसाधन मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी गिरिडीह लोकसभा सीट से एनडीए के प्रत्याशी होंगे। सोमवार को पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद प्रेसवार्ता के दौरान आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष...
रांची: आजसू पार्टी के नेता और झारखंड सरकार में पेयजय एवं स्वच्छता और जल संसाधन मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी गिरिडीह लोकसभा सीट से एनडीए के प्रत्याशी होंगे। सोमवार को पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद प्रेसवार्ता के दौरान आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने इसकी घोषणा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी से अलग आजसू पार्टी चुनाव के लिए अलग घोषणा पत्र जारी करेगी।
आजसू और बीजेपी के बीच गठबंधन में गिरिडीह सीट पाने वाले आजसू को अब सीट जीतने की चुनौती है। वह तीन सीटों रांची, हजारीबाग और गिरिडीह पर दावा कर रही थी। आजसू ने हजारीबाग और गिरिडीह सीट के लिए जोर लगाया, पर गिरिडीह से ही संतोष करना पड़ा। इस सीट से बीजेपी ने लगातार कई बार जीत दर्ज की है। मगर फिर भी बीजेपी ने गिरिडीह सीट आजसू के खाते में डाल दी है। आजसू के समक्ष अपने वोटरों के समर्थन के साथ ही बीजेपी समर्थकों के वोट को अपने पक्ष में बदलने की भी चुनौती है। अगर वह बीजेपी के वोटरों काे अपने पक्ष में बदलने में कामयाब होती है तो पहली बार एक लोकसभा सीट पर आजसू पार्टी का प्रतिनिधि उपस्थिति दर्ज कराएगा।
आजसू और महागठबंधन के उम्मीदवारों का चेहरा गिरिडीह संसदीय क्षेत्र के लिए काफी मायने रखेगा। आजसू ने सोमवार को चंद्रप्रकाश चौधरी के रुप में प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी है। वहीं महागठबंधन की ओर से इस सीट पर कौन चुनाव लड़ेगा, यह अभी नहीं हुआ है। गिरिडीह सीट महागठबंधन में झामुमो के खाते में गई है। ऐसे में झामुमो से जय प्रकाश भाई पटेल, जगन्नाथ महतो, मथुरा महतो के नाम की चर्चा हो रही है।