Edited By Nitika,Updated: 16 Oct, 2019 02:27 PM
झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा) के कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने राज्य की रघुवर दास सरकार को सभी मोर्चे पर विफल करार दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी के साथ राज्य की जनता ने भी इस...
दुमकाः झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा) के कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने राज्य की रघुवर दास सरकार को सभी मोर्चे पर विफल करार दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी के साथ राज्य की जनता ने भी इस बार भाजपा को राज्य से बाहर करने का संकल्प लिया है।
हेमंत सोरेन ने भाजपा के ‘अबकी बार 65 पार' के लक्ष्य पर पलटवार करते हुए कहा कि पिछले 5 सालों में राज्य के युवाओं को रोजगार नसीब नहीं हुआ। गरीबों के हितों की रक्षा करने का दावा करने वाली भाजपा सरकार गरीबों को समय पर अनाज नहीं पहुंचा पा रही है। वृद्ध और असहाय लोगों को पेंशन नहीं मिल रहा है। विद्यालयों में शिक्षक नहीं हैं और बच्चों की पढ़ाई ठप है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पतालों में जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है। बिजली की अनियमित आपूर्ति से आम लोग त्रस्त है। सिंचाई सुविधा में विस्तार और जल संरक्षण के नाम पर डोभा और तालाबों के निर्माण में सरकारी राशि की भारी लूट कर ली गई है। इसके बावजूद खेतों में पानी पहुंचना सम्भव नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर बड़े-बड़े भवन का निर्माण कर सरकारी राशि का बंदरबांट किया जा रहा है।