Edited By Nitika,Updated: 23 Dec, 2019 03:16 PM
झारखंड में आज हो रही मतगणना के रुझान में झामुमो, कांग्रेस और राजद का महागठबंधन 42 सीटों पर बढ़त बनाकर सरकार बनाने के करीब दिख रहा है जबकि 27 सीटों पर आगे चल रही भाजपा इस दौड़ में पिछड़ती नजर आ रही है।
रांचीः झारखंड में आज हो रही मतगणना के रुझान में झामुमो, कांग्रेस और राजद का महागठबंधन 42 सीटों पर बढ़त बनाकर सरकार बनाने के करीब दिख रहा है जबकि 27 सीटों पर आगे चल रही भाजपा इस दौड़ में पिछड़ती नजर आ रही है।
राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, झारखंड विधानसभा की 81 सीटों के लिए हो रही मतगणना में झामुमो 24 और उसकी सहयोगी कांग्रेस 13 और राजद 5 सीटों पर आगे है। वहीं, भाजपा 27, झाविमो 4, आजसू 4 और राकांपा 1, भाकपा-माले एक और निर्दलीय ने 2 सीट पर बढ़त बनाई है।
वहीं मतगणना में सबसे बड़ा उलटफेर दोपहर बाद जमशेदपुर पूर्वी सीट पर नजर आया, जहां मुख्यमंत्री रघुवर दास भाजपा के बागी उम्मीदवार सरयू राय से पिछड़ गए हैं। मतगणना में अभी तक पीछे चल रहे निर्दलीय उम्मीदवार सरयू राय अब भाजपा प्रत्याशी रघुवर दास से 771 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं। अभी तक की मतगणना में सरयू राय को जहां 14479 मत मिले वहीं रघुवर दास ने 13708 वोट प्राप्त किए हैं।
इसी तरह रघुवर दास के मंत्रिमंडल के 5 सहयोगी भी पीछे चल रहे हैं। वहीं महागठबंधन से मुख्यमंत्री पद के दावेदार झामुमो के हेमंत सोरेन ने बरहेट के बाद अब दुमका में भी बढ़त बना ली है।