Edited By Nitika,Updated: 23 Feb, 2020 06:26 PM
बिहार में नियोजित शिक्षकों के बाद अब हाई और प्लस टू स्कूलों के शिक्षक भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। ये शिक्षक हड़ताली शिक्षकों के समर्थन में हड़ताल करेंगे। इसकी घोषणा बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष केदार पांडेय और महासचिव शत्रुघ्न सिंह ने...
पटनाः बिहार में नियोजित शिक्षकों के बाद अब हाई और प्लस टू स्कूलों के शिक्षक भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। ये शिक्षक हड़ताली शिक्षकों के समर्थन में हड़ताल करेंगे। इसकी घोषणा बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष केदार पांडेय और महासचिव शत्रुघ्न सिंह ने की है।
जानकारी के अनुसार, हाई और प्लस टू स्कूलों के शिक्षक समान वेतनमान की मांग को लेकर 25 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। हड़ताल से पहले सोमवार को पूरे राज्य में शिक्षक मशाल जुलूस निकालेंगे। माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष ने ऐलान करते हुए कहा है कि हड़ताल के दौरान राज्य के सभी 7200 हाई और प्लस 2 स्कूलों में तालाबंद रहेगा।
माध्यमिक शिक्षक संघ द्वारा साफ कहा गया है कि अब सरकार को कोई मोहलत नहीं दी जाएगी। वहीं 25 फरवरी से ही राज्य में इंटर की कॉपियों का मूल्यांकन होना है, जो कि शिक्षकों की हड़ताल के कारण एक चुनौती बन जाएगा। दूसरी ओर बिहार सरकार ने शिक्षकों की मांग मानने की बजाए कड़ा रूख अपना रखा है। सरकार द्वारा कई शिक्षकों को बर्खास्त करने के साथ ही उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।