Edited By prachi,Updated: 28 Apr, 2019 06:19 PM
भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने रविवार को कहा कि मोदी फैक्टर की मदद और राष्ट्रवाद के मुद्दे पर अपील की वजह से सत्तारूढ़ राजग केंद्र में बने रहने की राह पर चल पड़ा है जबकि बिहार जैसे प्रमुख राज्य में विपक्ष की ऐसी...
पटनाः भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने रविवार को कहा कि मोदी फैक्टर की मदद और राष्ट्रवाद के मुद्दे पर अपील की वजह से सत्तारूढ़ राजग केंद्र में बने रहने की राह पर चल पड़ा है जबकि बिहार जैसे प्रमुख राज्य में विपक्ष की ऐसी छवि बन गई है जिसमें एकता नहीं है।
लोक जनशक्ति पार्टी के नेता ने कहा कि उन्होंने अपने पांच दशक के राजनीतिक करियर में जो चुनाव देखे हैं, इस साल का आम चुनाव उन सबसे भिन्न है। लोग राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा के मसले पर समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदान के प्रत्येक चरण में राजग के पक्ष में लहर बढ़ रही है और यह ‘‘लहर अब सुनामी'' बन चुकी है।
पासवान ने दावा किया कि बिहार में अब तक कोई मुकाबला नहीं दिखा है। सीट दर सीट का आंकड़ा बताते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद एक दूसरे के खिलाफ काम कर रहे हैं जबकि राजग एकजुट है और इसके सहयोगी घटक दलों की स्थिति अधिक मजबूत है। उन्होंने बताया कि हर चरण में हमारे मतों में बढ़ोतरी हो रही है। वाराणसी और झारखंड में प्रधानमंत्री के हुए रोड शो में मोदी फैक्टर काम कर रहा था। हमारे साथ और लोग जुड़ रहे हैं। दूसरी ओर, विपक्षी दल न तो दिल्ली में और न ही यहां बिहार में एकजुट हैं।
रामविलास पासवान ने बताया कि बिहार में राजग के खाते में प्रदेश की 40 में से 35 सीटे आएंगी। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने 2014 में यहां 31 सीटें जीती थीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और राजद के तेजस्वी यादव हमेशा एक दूसरे की पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने से बचते रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों ने पहली संयुक्त रैली शुक्रवार को प्रदेश के समस्तीपुर में की। उन्होंने कहा कि मुझे यकीन है मोदी के नेतृत्व में राजग सरकार बनाएगा।