Edited By Nitika,Updated: 23 Sep, 2019 11:06 AM
देह व्यापार व दुष्कर्म कांड में फरार राजद विधायक अरुण यादव के लसाढ़ी गांव स्थित मकान में पुलिस ने रविवार को कुर्की जब्ती की। इससे पहले अरुण यादव के खिलाफ आरा कोर्ट की विशेष पॉक्सो कोर्ट ने कुर्की का आदेश जारी किया था।
आराः देह व्यापार व दुष्कर्म कांड में फरार राजद विधायक अरुण यादव के लसाढ़ी गांव स्थित मकान में पुलिस ने रविवार को कुर्की जब्ती की। इससे पहले अरुण यादव के खिलाफ आरा कोर्ट की विशेष पॉक्सो कोर्ट ने कुर्की का आदेश जारी किया था।
अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) नितिन कुमार ने बताया कि अरुण यादव के खिलाफ 13 सितंबर को गैर जमानती वारंट जारी किया गया था और अदालत की ओर से जारी आदेश पत्र घर पर लगाने के बाद भी वे फरार चल रहे हैं । उन्होंने कहा कि शनिवार को अदालत द्वारा कुर्की जब्ती के आदेश मिलने पर रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच उनके घर की कुर्की जब्ती की गई।
बता दें कि अरुण यादव पर इसी साल जुलाई महीने में एक नाबालिग का यौन शोषण करने का आरोप लगा था। एक युवती ने पटना में एक इंजीनियर और एक विधायक के आवास पर दुष्कर्म की बात कही। किशोरी ने इस केस में अरुण यादव के अलावा कुछ और लोगों पर भी आरोप लगाया था। वहीं विधायक इस मामले का खुलासा होने के बाद से ही फरार चल रहे हैं। उनका मोबाइल भी बंद है। मोबाइल का अंतिम लोकेशन झारखंड में मिलने के कारण माना जा रहा है कि वे बिहार के बाहर भूमिगत हैं।