Edited By prachi,Updated: 20 Aug, 2019 05:00 PM
बिहार के मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। बाढ़ की कोर्ट ने यह वारंट जारी किया है। इसके कारण अनंत सिंह की मुश्किलें और अधिक बढ़ गई हैं। इससे पहले पुलिस अनंत सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने के लिए गृह...
पटनाः बिहार के मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। बाढ़ की कोर्ट ने यह वारंट जारी किया है। इसके कारण अनंत सिंह की मुश्किलें और अधिक बढ़ गई हैं। इसके साथ ही बाढ़ कोर्ट के आदेश पर कुर्की का वारंट भी जारी किया गया है।
इससे पहले बाढ़ कोर्ट ने हत्या की साजिश रचने के मामले में अनंत सिंह की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। इस मामले में एक ऑडियो भी वायरल हुआ था जिसकी जांच के लिए अनंत सिंह का वॉयस टेस्ट भी करवाया गया है।
पुलिस अनंत सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने के लिए गृह मंत्रालय को प्रस्ताव भी भेज चुकी है। वहीं सोमवार को पटना के बाढ़ थाने में विधायक के खिलाफ डोजियर भी खोल दिया गया है। सोमवार की रात पुलिस की कई टीमों ने अनंत सिंह की तलाश में उनके समर्थकों के घर पर छापेमारी की लेकिन अभी तक विधायक का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
गौरतलब है कि अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां के घर से एके 47 और हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया जिसके चलते उनके खिलाफ यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया है। शनिवार को पुलिस अनंत सिंह को गिरफ्तार करने पहुंची लेकिन वह अपने सरकारी आवास पर मौजूद नहीं थे। इस पर अनंत सिंह ने सोमवार को एक वीडियो जारी कर बताया कि वह फरार नहीं हुए हैं। वह अपने बीमार दोस्त का हालचाल जानने उसके पास आए हुए हैं। बहुत जल्द वह पुलिस के सामने सरेंडर कर देंगे।