Edited By prachi,Updated: 20 Apr, 2019 12:07 PM
बिहार की 40 लोकसभा सीटों पर सात चरणों में चुनाव होने हैं। पहले चरण के तहत चार और दूसरे चरण के तहत पांच लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुके हैं। 23 अप्रैल को तीसरे चरण के तहत पांच सीटों पर मतदान होने हैं जिसमें झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा, खगड़िया...
सुपौलः बिहार की 40 लोकसभा सीटों पर सात चरणों में चुनाव होने हैं। पहले चरण के तहत चार और दूसरे चरण के तहत पांच लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुके हैं। 23 अप्रैल को तीसरे चरण के तहत पांच सीटों पर मतदान होने हैं जिसमें झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा, खगड़िया शामिल है। इस खबर में हम आपको सुपौल लोकसभा सीट के बारे में कुछ बातें बताने जा रहे हैं।
सुपौल लोकसभा सीट साल 2008 में अस्तित्व में आई। 2009 में हुए चुनाव में जेडीयू के विश्व मोहन कुमार ने कांग्रेस के रंजीत रंजन को डेढ़ लाख वोटों से हराकर संसद पहुंचे लेकिन 2014 में एक बार फिर से रंजीत रंजन कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ीं और जीत कर संसद पहुंची।
सुपौल लोकसभा के अंतर्गत विधानसभा की कुल 6 सीटें आती हैं जिनमें सुपौल जिले की निर्मली, पिपरा, सुपौल, त्रिवेणीगंज, छातापुर और मधेपुरा जिले की सिंहेश्वर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
जिला |
विधानसभा क्षेत्र |
सुपौल |
निर्मली, पिपरा, सुपौल, त्रिवेणीगंज, छातापुर |
मधेपुरा |
सिंहेश्वर |
इस बार होने वाले लोकसभा चुनाव में सुपौल में कुल मतदाताओं की संख्या 16 लाख 80 हजार 616 है। कुल मतदाताओं में पुरुष मतदाताओं की संख्या 8 लाख 75 हजार 99, महिला मतदाताओं की संख्या 8 लाख 5 हजार 487 और ट्रांस जेंडर के कुल 30 मतदाता शामिल हैं।
एक नजर पिछले लोकसभा चुनाव के नतीजों पर
साल 2014 में इस सीट पर कांग्रेस की रंजीत रंजन ने 3 लाख 32 हजार 927 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं JDU के दिलेश्वर कामत 2 लाख 73 हजार 255 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि BJP के कामेश्वर चौपाल को 2 लाख 49 हजार 693 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।
2009 लोकसभा चुनाव के नतीजे
साल 2009 में JDU के विश्व मोहन कुमार ने 3 लाख 13 हजार 677 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं कांग्रेस की रंजीत रंजन 1 लाख 47 हजार 602 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहीं थी जबकि LJP के सूर्य नारायण यादव को 93 हजार 94 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।