Edited By Punjab Kesari,Updated: 08 Mar, 2018 12:57 PM
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने बुधवार को देहरादून के थानों में महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए एलईडी लाइट निर्माण के ट्रेनिंग सेंटर का शुभारंभ किया।
देहरादून(कुलदीप रावत): उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने बुधवार को देहरादून के थानों में महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए एलईडी लाइट निर्माण के ट्रेनिंग सेंटर का शुभारंभ किया।
महिलाएं स्वावलंबी हो गई तो स्वयं सशक्त हो जाएंगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से स्वरोजगार के साथ-साथ महिलाएं आर्थिक रूप से भी सशक्त बनेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को एलईडी उपकरण बनाने के प्रशिक्षण कार्य की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर तक महिला स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना जरूरी है। इससे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बेटी बढ़ाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को सफल बनाने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं स्वावलंबी हो गई तो स्वयं सशक्त हो जाएंगी।
रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए दिया जा रहा प्रशिक्षण
सीएम ने महिला स्वयं सहायता समूहों से अपेक्षा करते हुए कहा है कि इस एलईडी ग्राम लाइट प्रशिक्षण के उपरान्त एलईडी से संबंधित कार्यों में निपुणता प्राप्त कर अच्छा कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि उत्पादों के तैयार होने के साथ ही उसकी मार्केटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। एलईडी के लिए द्वितीय प्रशिक्षण शीघ्र ही कोटाबाग में दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि भविष्य में ग्राम पंचायत स्तर पर भी महिला स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार उपलब्ध करवाने के लिए एलईडी ग्राम लाईट प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उत्पादों की बिक्री से होगी राजस्व में वृद्धि
त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि इससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा और चाईनीज उत्पादों की खरीद पर भी रोक लगेगी। इन उत्पादों की बिक्री से राजस्व में भी वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि हमें सभी संसाधनों का सही उपयोग करने की आवश्यकता है। वेस्ट को बेस्ट में बदलने की जरूरत है। सीएम ने महिला स्वयं सहायता समूहों को एलईडी उपकरण बनाने के लिए किट का वितरण भी किया। थानों में 10 महिला स्वयं सहायता समूहों की 50 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।