Edited By Punjab Kesari,Updated: 23 Jun, 2017 11:50 AM
उत्तर प्रदेश के थानों में एफ.आई.आर. दर्ज करने को लेकर तमाम दिक्कतों की शिकायतें लगातार आती रहती हैं।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के थानों में एफ.आई.आर. दर्ज करने को लेकर तमाम दिक्कतों की शिकायतें लगातार आती रहती हैं। इसी से निपटने के लिए योगी सरकार ने अब फैसला किया है कि जिलों के कप्तान के कार्यालयों में भी एफ.आई.आर. काऊंटर खोला जाएगा।
इस संबंध में प्रदेश के गृह विभाग ने डी.जी.पी. सहित सभी जोनल ए.डी.जी.ए. रेंज के आई.जी., डी.आई.जी. और एस.एस.पी., एस.पी. को निर्देश जारी कर दिए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि हर जिले के एस.एस.पी. या एस.पी. दफ्तर में एफ.आई.आर. दर्ज करने का काऊंटर खोला जाए।
जिला, रेंज और जोनल स्तर पर रोज यह आकलन कर लिया जाए कि कितनी एफ.आई.आर. दर्ज की गईं। उनकी समयबद्ध विवेचना की जाए, साथ ही इसकी सूचना नियमित रूप से डी.जी.पी. मुख्यालय और कंट्रोल रूम को भेजी जाए। इन एफ.आई.आर. को लेकर डी.जी.पी. मुख्यालय द्वारा समय-समय पर समीक्षा की जाएगी।
दरअसल योगी सरकार का मानना है कि एफ.आई.आर. दर्ज कराने में पीड़ित को थानों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, इसके बाद भी उसकी एफ.आई.आर. दर्ज नहीं होती थी।