Edited By ,Updated: 23 Feb, 2017 04:35 PM
राजनाथ सिंह ने फैजाबाद के क्षत्रिय बोर्डिंग हाउस में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अगर पूर्ण बहुमत से भाजपा सरकार बनती है तो मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में...
फैजाबादः राजनाथ सिंह ने फैजाबाद के क्षत्रिय बोर्डिंग हाउस में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अगर पूर्ण बहुमत से भाजपा सरकार बनती है तो मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में इस तरह विकास होगा कि दुनिया के लोग इस धार्मिक नगरी को आकर देखेंगे। यहां वह राहुल और अखिलेश पर भी निशाना साधने से नहीं चुके।
श्री राम की अयोध्या को बनाएंगे भव्य स्थान
राजनाथ ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनने पर अयोध्या में श्रीराम का मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा। भाजपा की सरकार बनते ही राज्यसभा में बहुमत मिल जाएगा और अयोध्या में विवादित श्रीराम जन्मभूमि पर जो भी दिक्कतें आ रही हैं उसको दूर करके मंदिर का निर्माण शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंदिर का निर्माण तो होगा ही साथ ही साथ अयोध्या का विकास समुचित रूप से किया जाएगा। जिससे अयोध्या दुनिया का आकर्षण का केन्द्र बन सके।
राहुल गांधी खाट छोड़ साइकिल पर हुए सवार
कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी खाट छोड़कर साइकिल पर सवार हो गए हैं। जबकि सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने पहले से साइकिल को पंचर कर दिया है। खाट सभा में जो हुआ था उस पर तरस आता है। राहुल गांधी पर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि जब उनका काम नहीं बना तो खाट से कूदकर साइकिल पर बैठ गए। खाट सोने के लिए होती है जनसभा के लिए नहीं।
केन्द्रीय गृहमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बिजली भले नहीं आती पर बिल जरूर आता है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्रदेश में हर मोर्चे पर विफल साबित हो रहे हैं और इसलिए उनको कांग्रेस का सहारा लेना पड़ा । केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा शासित मध्य प्रदेश की तरह उत्तर प्रदेश में भी भाजपा की सरकार आने पर किसान फसली ऋण पर ब्याज दर जीरो फीसदी हो जाएगी और बेटी पैदा होने पर 50 हजार का विकास बाण्ड होगा जो 21 साल में 2 लाख रुपए हो जाएगा।
भाजपा के किसी भी नेता पर भ्रष्टाचार का दाग नहीं
उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जिसने पाकिस्तान की छाती पर खड़ा होकर उसे बेनकाब किया है। किसानों का फसली ऋण सरकार बनने के 6 माह के अंदर माफ कर दिया जाएगा। युवाओं को रोजगार भी देंगे लेकिन यह सत्य है कि कोई भी सरकार सभी को सरकारी नौकरी नहीं दे सकती, लेकिन जहां-जहां खाली जगह है वहां नौकरी मिलेगी। उद्योगों के सहारे बेरोजगारी भी दूर की जाएगी।
अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार और नरेन्द्र मोदी की सरकार के बारे में कहा कि इन दोनों सरकारों में किसी नेता के दामन में दाग नहीं लगा है और न ही किसी के पर भ्रष्टाचार का आरोप है। 2 वर्ष पहले खाद लेने के लिए किसान को कतार में खड़ा होना पड़ता था, लेकिन आज किसान को लाइन में नहीं लगना पड़ता। क्योंकि हमने इतना खाद पैदा कर दिया है।