Edited By Punjab Kesari,Updated: 23 Dec, 2017 01:50 PM
शुक्रवार को विधानसभा ने यूपी राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम संशोधन विधेयक-2017 को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी है। जिसमें अब आगरा विश्वविद्यालय का नाम डॉ. भीमराव अंबेडकर की जगह डॉ. भीमराव आंबेडकर ..
आगराः शुक्रवार को विधानसभा ने यूपी राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम संशोधन विधेयक-2017 को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी है। जिसमें अब आगरा विश्वविद्यालय का नाम डॉ. भीमराव अंबेडकर की जगह डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा जाना जाएगा।
जानकारी के अनुसार संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने सदन को बताया कि यह संसोधन माननीय राज्यपाल राम नाईक के सुझाव पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भारत के संविधान के पृष्ठ संख्या 254 पर डॉ. भीमराव आंबेडकर के हिंदी में हस्ताक्षर हैं। जिसमें उन्होंने आंबेडकर शब्द का इस्तेमाल किया है। ऐसे में आगरा विश्वविद्यालय का नया नाम डॉ़ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने संविधान सभा के अध्यक्ष रहे बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर को 'आंबेडकर' लिखे जाने का आह्वान किया था। राज्यपाल ने बाबा साहब के परिनिर्वाण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहा था कि आमतौर पर बाबा साहब का नाम भीमराव अम्बेडकर लिखा जाता है, जो सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि संविधान की हिन्दी मूल प्रति पर बाबा साहब द्वारा किए गए हस्ताक्षर में 'आंबेडकर' लिखा है, लिहाजा यही सही है और सभी को इसे ऐसे ही अपनाना चाहिए। नाईक ने कहा था कि भीमराव आंबेडकर ने बहुत कष्ट उठाकर उच्च शिक्षा प्राप्त की और महान शिक्षाविद्, कानूनवेत्ता और समाज सुधारक बने। वर्तमान समय में उनके संघर्ष को समझ पाना भी कठिन है।