Edited By ,Updated: 20 Nov, 2016 11:50 AM
कानपुर के पुखरायां में हुए दर्दनाक हादसे के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख, गंभीर घायलों को 50,000 और मामूली घायलों को 25,000 रुपए के मुआवजे का ऐलान किया है।
कानपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कानपुर देहात में आज हुए इंदौर पटना एक्सप्रेस ट्रेन हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच पांच लाख रूपए की आर्थिक मदद का एेलान किया। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच पांच लाख रूपए की आर्थिक मदद की घोषणा की जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को पचास पचास हजार रूपए देने का एेलान किया। उन्होंने बताया कि मामूली रूप से घायल लोगों को मुख्यमंत्री ने पच्चीस पच्चीस हजार रूपए की मदद का एेलान किया है।
क्या था पूरा मामला?
कानपुर देहात के जिलाधिकारी रविकांत सिंह ने बताया कि कानपुर देहात जिले में तड़के इंदौर पटना एक्सप्रेस ट्रेन के 14 डिब्बों के पटरी से उतर जाने के कारण 90 रेल यात्रियों की मौत हो गई है। दुर्घटना कानपुर देहात में पुखरायां के निकट हुई। दुर्घटना में 150 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। दुर्घटना तड़के तीन बजे हुई। उस समय यात्री सोये हुए थे। कानपुर रेंज के पुलिस महानिदेशक जकी अहमद ने बताया कि 150 से अधिक घायल लोगों को आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया गया है। सभी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है। 30 से अधिक एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं। राहत और बचाव कार्य में 250 से अधिक पुलिस अधिकारियों को लगाया गया है। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं। प्रभु ने टवीट किया है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद राहत कार्य संचालित किए जा रहे हैं। चिकित्सकीय एवं अन्य मदद पहुंचाई गई है। जांच के आदेश दिए गए हैं।
UP Latest News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें