Edited By Punjab Kesari,Updated: 11 Oct, 2017 11:38 AM
उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला की लाश मंदिर के पीछे से संदिग्ध हालत में बरामद हुई..
इलाहाबादः उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला की लाश मंदिर के पीछे से संदिग्ध हालत में बरामद हुई। खास बात ये है कि महिला की लाश को देखकर बलि देने की आंशका जताई जा रही है। वहीं घटना के बाद से पूरे ग्रामीण इलाके में दहशत है। बच्चों का घटना स्थल की ओर जाना प्रतिबंधित कर दिया गया है।
जानिए पूरा मामला
दरअसल मामला बारा लोहगरा बाजार में एक शिव मंदिर का है। जहां मंदिर के पीछे खदान बनी हुई है। इसी बड़े गड्ढे में बीती दिन महिला की सिर कूंची लाश मिली है । जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस के भी उड़े होश
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब घटनास्थल देखा तो उनके भी होश उड़ गए। घटना स्थल पर तांत्रिक क्रिया में उपयोग होने वाली तमाम चीजें मौजूद थी। यहां मिले साक्ष्य बता रहे है कि यहां पूजा पाठ भी हुआ था। घटनास्थल देखने से बहुत अधिक संभावना है कि तांत्रिक क्रिया के बाद महिला को मौत हुई है।
घटनास्थल से मिली ऐसी चीजे
पुलिस ने मौके से बिखरा सिंदूर, नारियल, नींबू, अगरबत्ती फूल माला गांजा और लाल कपड़ा, दीपक, सुई, हड्डी, गांजा की पुड़िया और चिलम जैसी तमाम चीजे भी बरामद की हैं।
क्या कहना है पुलिस का?
मामले में एसपी यमुनापार दीपेंद्र चौधरी का कहना है बलि नहीं हुई है। हत्या बहुत ही नृशंस तरीके से हुई है। मौके से अजीबो गरीब चीजें भी मिली हैं। पूछताछ और जांच पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद महिला की हत्या कैसे हुई यह पता चल सकेगा।