Edited By Punjab Kesari,Updated: 26 Feb, 2018 11:34 AM
फूलपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए प्रचार करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनसभाओं एवं नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। डिप्टी सीएम ने अपने संबोधन में मोदी सरकार और योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमकर तारीफ करते हुए जनता से भाजपा प्रत्याशी...
लखनऊ: फूलपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए प्रचार करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनसभाओं एवं नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। डिप्टी सीएम ने अपने संबोधन में मोदी सरकार और योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमकर तारीफ करते हुए जनता से भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील की।
मौर्य ने जनता से अपील करते की कि इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी जीत आपने मुझे दी थी, मुझसे भी ज्यादा मतों से कौशलेन्द्र सिंह पटेल को विजयी बनाएं। गोहरी इलाके में उपमुख्यमंत्री ने एक कालेज में चुनावी सभा में कहा कि फूलपुर की देवतुल्य जनता ने इतिहास की सबसे बड़ी जीत मुझे दी थी, इतने बड़े अंतर से नेहरू जी भी नहीं जीतते थे। एक वर्ष से भी कम समय में भाजपा सरकार ने प्रदेश को आर्थिक समृद्धि के पथ पर बढ़ा दिया है।
उन्होंने कहा कि किसानों का कर्ज माफ, गेहूं खरीद, धान खरीद का रिकार्ड, अवैध कत्लखाने बंद कराए गए। खुले में घूम रहे मवेशियों के लिए व्यवस्था करने पर विचार चल रहा है, जल्द ही प्रभावी योजना आएगी। गौशालाओं और गायों के आश्रय स्थलों के निर्माण से भी समस्याओं का समाधान होगा।