Edited By Punjab Kesari,Updated: 13 Dec, 2017 02:28 PM
ताजमहल या तेजोमहालय का विवाद अब दोबारा तुल पकड़ रहा है। यह विवाद अदालत में विचाराधीन होने के बीच सोशल मीडिया पर ताजमहल में शिव चालीसा पढ़ने का वी..
आगराः ताजमहल या तेजोमहालय का विवाद अब दोबारा तुल पकड़ रहा है। यह विवाद अदालत में विचाराधीन होने के बीच सोशल मीडिया पर ताजमहल में शिव चालीसा पढ़ने का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया में मंगलवार रात ताज महल में शिव स्तुति का वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो में मुख्य मकबरे के अंदर बने पैसेज में एक युवक पाठ करता हुआ नजर आ रहा है, जबकि दूसरा उसका वीडियो बना रहा है। जिस प्रकार वीडिया में रिकॉर्डिग करता युवक भी स्पष्ट दिख रहा है उससे लगता है कि उनके और भी साथी वहां मौजूद थे। एक मिनट का यह वीडियो कब बनाया गया, इसके बारे में पता नहीं चल पा रहा है। पाठ कर रहे युवक और वीडियो बना रहे उसके साथी की पहचान नहीं हो सकी है।
ताजमहल को लेकर पिछले दिनों काफी विवाद हुआ था। नेताओं के विवादित बयानों के बोलों के बीच 23 अक्टूबर को अलीगढ़ व हाथरस से आए आधा दर्जन युवाओं ने वीडियो प्लेटफार्म पर शिव चालीसा का पाठ किया था। इनमें हाथरस निवासी राष्ट्रीय स्वाभिमान दल के दीपक शर्मा, हिंदूू युवा वाहिनी अलीगढ़ के महानगर अध्यक्ष भारत गोस्वामी समेत आधा दर्जन युवा शामिल थे।
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) व भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा शिव चालीसा का पाठ रुकवाने के बाद युवाओं को लिखित माफीनामा लेने के बाद छोड़ दिया था। 26 अक्टूबर को आगरा आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ताज का दीदार कर सभी विवादों को शांत करने का प्रयास किया था।
उल्लेखनीय है कि उप्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष अमित जानी और उनके साथी उपदेश राना को फेसबुक पर विवादित पोस्ट करने पर गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसमें ताज की मीनारों पर भगवा ध्वज फहराता हुआ दिखाया गया था।