Edited By Punjab Kesari,Updated: 07 Jun, 2017 04:21 PM
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है।
मिर्जापुर(बृज मौर्या): पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह मामला पुलिस के लिए बड़े ही दबाव वाला था, क्योंकि इस मामले में कांग्रेस के राज बब्बर, प्रमोदी तिवारी सहित दर्जनों बड़े-बड़े नेताओं ने घटनास्थल पर धरना प्रदेर्शन किया था। मामले का मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
गौरतलब है कि थाना कटरा के आवास विकास में 3 जून को राजीव गांधी की प्रतिमा तोड़ी गई थी। कांग्रेस ने इस मामले को सुलझाने के लिए 48 घंटे का समय देते हुए कहा था कि अगर इतने समय में आरोपियों को पकड़ा नहीं गया तो वे पूरे देश में धरना प्रदर्शन करेंगे। मामले की खुलासा डीआइजी विन्धयाचल मंडल ने प्रेस कांफ्रेंस कर किया। उन्होंने इस मामले में किसी भी राजनीतिक षड्यंत्र से इंनकार किया है। पुलिस का कहना है कि नवयुवकों ने अपसी ताकत और शक्ति के दिखावे में आकर राजीव गांधी की मूर्ति को तोड़ा था।
वहीं यूपी कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा था कि मिर्जापुर में हुई घटना से कांग्रेस के कार्यकर्त्ताओं का खून खौल गया है। राजीव गांधी का अपमान देश का अपमान है। कांग्रेस पार्टी देश और प्रदेश में इसका जमकर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि सोमवार को पूरे प्रदेश में कांग्रेस पार्टी इसका विरोध करेगी। घटना से नाराज कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी से मिलकर मांग की थी कि जल्द से जल्द मामले की जांच पूरी की जाए।