Edited By Punjab Kesari,Updated: 24 Mar, 2018 12:02 PM
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की दस सीटों पर शुक्रवार हुए चुनाव में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के एक विधायक पर क्रास वोटिंग का आरोप लगा है। विधायक पर लगे आरोपों के संबन्ध में पार्टी अध्यक्ष और पिछड़ा कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने स्पष्टीकरण मांग लिया...
लखनऊः उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की दस सीटों पर शुक्रवार हुए चुनाव में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के एक विधायक पर क्रास वोटिंग का आरोप लगा है। विधायक पर लगे आरोपों के संबन्ध में पार्टी अध्यक्ष और पिछड़ा कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने स्पष्टीकरण मांग लिया है।
राजभर ने बताया कि उनकी पार्टी के विधायक कैलाश सोनकर पर क्रास वोटिंग कर बसपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के आरोप लग रहे हैं। इस संबन्ध में समाचार चैनलों और अखबारों में खबरें भी आई हैं। उन्होंने कहा कि सोनकर को नोटिस जारी कर पूछा गया है कि उन पर लग रहे आरोप की सत्यता क्या है। जवाब दें। उनसे जल्द से जल्द नोटिस का उत्तर देने के लिए कहा गया है। जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर पार्टी उनके खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।
गौरतलब है कि भाजपा के साथ सुभासपा भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का एक घटक दल है। राज्यसभा चुनाव में घटक दलों को भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करना था, लेकिन सोनकर द्वारा क्रास वोटिंग किए जाने की चर्चा जोरों पर थी। बता दें कि सुभासपा के कुल 4 विधायक हैं।