Edited By ,Updated: 19 Mar, 2017 03:14 PM
उत्तर प्रदेश के नए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अब तक लोग एक सांसद के रूप में जानते थे, लेकिन उन्हें इतना बड़ा पद मिलने के बाद लोग उनके बारे में जानना चाहते हैं...
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के नए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अब तक लोग एक सांसद के रूप में जानते थे, लेकिन उन्हें इतना बड़ा पद मिलने के बाद लोग उनके बारे में जानना चाहते हैं। इसी बात का ख्याल रखते हुए हम योगी आदित्यनाथ के खान-पान और दैनिक दिनचर्या से जुड़ी बातें आपके लिए लेकर आए हैं। बता दें कि अब तक दुनिया इन्हें बीजेपी के फायरब्रांड नेता के रूप में जानती रही है, लेकिन उनका रोल बदल चुका है। बीजेपी ने उन्हें देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की कमान सौंपी है।
नाश्ते में खाते हैं दलिया
योगी आदित्यनाथ सुबह करीब 4 बजे ही बिस्तर छोड़ देते हैं। सुबह के दैनिक क्रिया से निबटने के बाद वह मंदिर में पूजा-पाठ करते हैं। इसके बाद ही वे जलपान (ब्रेकफास्ट/नाश्ता) करते हैं। पूरी तरीके से शाकाहारी योगी आदित्यनाथ सुबह करीब 9 बजे पहली बार कुछ खाते हैं। वे नाश्ते में दलिया हर रोज खाते हैं। इसके अलावा सीजनल फल, उबले चने और मूंग खाते हैं। उनके नाश्ते में पपीता जरूर होता है, क्येांकि उन्हें ये बेहद पसंद है। आखिर में वे एक गिलास दूध (250 मिली लीटर) जरूर पीते हैं।
अक्सर दोपहर का भोजन नहीं करते योगी
योगी आदित्यनाथ सुबह में भरपूर नाश्ता करने के बाद क्षेत्र में निकल जाते हैं। जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुनने और क्षेत्र के लोगों के साथ मेल-मुलाकात में वे अक्सर दोपहर का भोजन नहीं करते हैं। वे रात के भोजन में चार चपाती, एक कटोरी दाल, खीर और सीजनल सब्जी जरूर खाते हैं। सोने से पहले एक गिलास दूध पीते हैं।
योगी के साथ खाने के इंतजार में रहती है एक बिल्ली
योगी आदित्यनाथ को पशु-पक्षियों से बेहद लगाव है। गोरखनाथ मंदिर में एक बिल्ली है, जो योगी आदित्यनाथ के साथ ही भोजन करती है। मंदिर के लोग बताते हैं कि योगी आदित्यनाथ जब भी गोरखपुर में रहते हैं तो वह बिल्ली खाने के वक्त उनका इंतजार करती रहती है। इस बिल्ली को खीर पसंद है, इसलिए रोजाना खाने के वक्त इसका इंतजाम किया जाता है।