Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 Mar, 2018 12:11 PM
उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद यहां पूरे जोश से पार्टी के लिए काम करने की कसमें खाने वाले कार्यकर्ता लगातार नेताओं और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा से इस कदर हताश हो गए कि गुरसराय, गरौठा आदि क्षेत्रों के सैंकडों कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष...
झांसी: उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद यहां पूरे जोश से पार्टी के लिए काम करने की कसमें खाने वाले कार्यकर्ता लगातार नेताओं और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा से इस कदर हताश हो गए कि गुरसराय, गरौठा आदि क्षेत्रों के सैंकडों कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष को लिखे पत्र में पार्टी के लिए काम नहीं करने की चेतावनी दी।
जानकारी के अनुसार भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की एक बैठक गरौठा में स्थित एक धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला महामंत्री विनोद नायक उपस्थित रहे। इसमें कार्यकर्ताओं व स्थानीय पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि ऊपर के पार्टी पदाधिकारी, नेता, अधिकारी कोई भी उनकी बात नहीं सुनते हैं। न ही कोई न्याय संगत बात करते हैं। इससे सभी कार्यकर्ता असंतुष्ट है और आगे पार्टी के लिए काम नहीं करने की मांग पर अड़े हैं।
कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने एक पत्र जिलाध्यक्ष व जिला महामंत्री के नाम देते हुए चेतावनी दी कि तब तक वे काम नहीं करेंगे, जब तक कोई उच्च पदाधिकारी, मंत्री द्वारा लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता है। पत्र में पार्टी के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ताओं से समय-समय पर हर माह बात किए जाने की भी मांग की गई। इस पत्र पर मण्डल अध्यक्ष, सुनील सिमरधा, प्रवेंद्र कुमार, कमलेश गुप्ता, मयंक गुप्ता, दयाशंकर, भारतीय सिंह सेक्टर प्रभारी, अरविंद सिंह गौर मंडल उपाध्यक्ष गुरसरांय, नरेंद्र सिंह परिहार मंडल प्रमुख गुरसरांय, बृजबिहारी सोनी गरौठा, रामकिशन, लक्ष्मन वर्मा, लालजी चतुर्वेदी मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा, राजाराम कुशवाहा गरौठा, शैलेंद्र सिंह बूथ अध्यक्ष आदि सैकड़ों कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर थे।