Edited By Punjab Kesari,Updated: 11 Sep, 2017 03:31 PM
सपा के महासचिव डा. रामगोपाल यादव ने आरोप लगाया है कि केन्द्र की मोदी सरकार और यूपी की योगी सरकार ....
इटावाः सपा के महासचिव डा. रामगोपाल यादव ने आरोप लगाया है कि केन्द्र की मोदी सरकार और यूपी की योगी सरकार को विपक्ष बर्दाश्त नहीं है। यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जिम्मेदार विपक्ष का होना भी जरूरी है। बिहार में लालू ने विरोध किया तो उनके परिवार के लोगों को मुल्जिम बना दिया गया। उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू तथा इन्दिरा गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी विपक्ष के साथ नाइंसाफी नहीं की। इस सरकार में बर्दाश्त करने की क्षमता नहीं है।
जानकारी के अनुसार सपा महासचिव ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। जीएसटी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दूकानदार, मजदूर, सेल्समेन सभी बेरोजगार हो गए हैं। केंद्र सरकार विपक्ष को खत्म करना चाहती है। जीएसटी से व्यापारी परेशान है, सारी व्यवस्था ऑनलाइन कर दी गई है। जो व्यापारी ऑनलाइन की व्यवस्था नहीं जानते वह परेशान हैं।
उन्होंने आरोप लगाया जब मोदी की सरकार नहीं बनी थी तो उन्होंने कहा था कि भाजपा की सरकार बनने के बाद एक सिर के बदले 10 सिर काट के लाएंगे लेकिन आज सीमा पर रोजाना जवान मर रहे हैं। यादव ने कहा कि जब सपा की सरकार थी तब भाजपा के नेता कहते थे कि थानों को सपा के गुंडे चला रहे हैं। भाजपा सरकार में विधायक जहां भी काम होता है वहां खड़े हो जाते हैं। ठेकेदारों से पैसा मांगते हैं। योगी सरकार ने सभी योजनाएं बंद कर दी हैं।
लखनऊ से बलिया तक के लिए 6 लेन हाईवे बनने वाला था। उसके टेंडर भी डाल दिए गए थे। उसे बंद करा दिया गया। सपा ठप किए जा रहे विकास कार्यों के लिए जल्द ही आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने एक लाख से ज्यादा शिक्षामित्रों को नौकरियां दी थीं लेकिन उनको हटा दिया गया। जब वे अपना हक मांगने के लिए लखनऊ पहुंचे तो उनकी पिटाई की गई। यादव ने सरकार से मांग की है कि नियम बनाकर उनको समायोजित करने की व्यवस्था की जाए, जिससे इनके परिवार का पालन पोषण हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के लोगों का उत्पीडऩ किया जा रहा है, उन्हें डरा धमकाकर दल बदल किया जा रहा है।