Edited By Punjab Kesari,Updated: 30 Mar, 2018 06:33 PM
लखनऊ के थाना हजरतगंज जैसे पॉश इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब समाजवादी पार्टी से संडीला के पूर्व विधायक महावीर सिंह द्वारा अपनी बहू को घर से बाहर निकाल दिया गया। यह मामला पारिवारिक विवाद का बताया जा रहा है। जिसके चलते उसे धक्के मार कर बाहर...
लखनऊः लखनऊ के थाना हजरतगंज जैसे पॉश इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब समाजवादी पार्टी से संडीला के पूर्व विधायक महावीर सिंह द्वारा अपनी बहू को घर से बाहर निकाल दिया गया। यह मामला पारिवारिक विवाद का बताया जा रहा है। जिसके चलते उसे धक्के मार कर बाहर निकाला गया। महिला का आरोप है कि उसे विधायक उसके नाबालिग बेटियों से मिलने नहीं दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक लखनऊ के थाना हज़रतगंज इलाके की वजीर हसन रोड पर संडीला के पूर्व विधायक महावीर सिंह परिवार के साथ रहते हैं। उनकी बहु का कहना है कि आए दिन उसका पति उसे मारता पीटता है। इसके अलावा कोर्ट में तलाक का मुकदमा भी चल रहा है। मुकदमें में उसे अलग मकान में रहता हुआ दर्शाया गया है, जबकि वह एक ही मकान में रहते हैं।
वीरवार रात को उसका पति दोनों बेटियों को लेकर कहीं चला गया और विधायक ने अपनी बहू को धक्के मारकर घर से बाहर निकाल दिया। इस पर महिला ने पुलिस को सूचना दी। कुछ देर की पड़ताल के बाद पुलिस वापस लौट गई। महिला का आरोप है कि उसके पति की दिमागी हालत ठीक नहीं है और दिल्ली में उसका इलाज चल रहा है। इसके चलते महिला ने बेटियों के साथ कोई भी अनहोनी होने की भी आशंका जताई है। फिलहाल विधायक के आधार पर दोनों पक्षों के वकीलों का जमावड़ा लगा हुआ है।