Edited By ,Updated: 08 Jul, 2016 07:47 PM
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अपनी बुनियाद मजबूत करने में जुटी कांग्रेस की मुहिम को उसके गढ़ अमेठी में ही गंभीर चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।
अमेठी: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अपनी बुनियाद मजबूत करने में जुटी कांग्रेस की मुहिम को उसके गढ़ अमेठी में ही गंभीर चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य और कांग्रेस की स्थानीय इकाई के वरिष्ठ नेता राजेश पाण्डेय ने गांधी के प्रतिनिधि किशोरी लाल शर्मा पर आरोप लगाया है कि शर्मा से उनको जान का खतरा है। इसलिए उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
पांडेय ने शर्मा के खिलाफ खुद का उत्पीडऩ किए जाने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पीसीसी मेंबर पाण्डेय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लिखी एक चिट्ठीमें कहा है कि किशोरी लाल शर्मा काले धन से व्यापार करते हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक पद का दुरूपयोग करते हुए काफी कालाधन इकट्ठा कर लिया है। पांडेय ने दावा किया कि उनके पास इसके पर्याप्त सबूत हैं। शर्मा काले धन की बदौलत लगातार विदेश यात्रा भी करते हैं।
पीसीसी मेंबर ने मोदी के अलावा गृह मंत्री राजनाथ सिंह, मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ और अमेठी के पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर कहा है कि के.एल. शर्मा उनकी हत्या करवा सकते हैं।