Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 Aug, 2017 09:38 AM
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाढ़ प्रभावित इलाके बलरामपुर और सिद्धार्थनगर का दौरा करेंगे।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाढ़ प्रभावित इलाके बलरामपुर और सिद्धार्थनगर का दौरा करेंगे। आधा दर्जन के सैकड़ों गांव इन दिनों बाढ़ की चपेट में हैं। जानकारी के अनुसार सीएम बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री बांटेंगे। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों का जायजा भी लेंगे।
गोरखपुर में भी बाढ़ से करीब 50 हजार लोग प्रभावित हैं। रोहिणी नदी के तांडव की वजह से करीब 80 गांव डूब चुके हैं। फिलहाल एनडीआरएफ की टीम राहत कार्यों में जुटी हुई है। बाढ़ की वजह से जहां सैकड़ों लोग पलायन कर चुके हैं, वहीं हजारों बीघा फसल चौपट हो गई है। सरकार ने बाढ़ प्रभावित इलाके में राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि पूर्वांचल के गोरखपुर, महाराजगंज, बलरामपुर, बस्ती, बहराइच कुशीनगर, सिद्धार्थनगर और लखीमपुर खीरी बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। नेपाल से बहने वाली नदियों की वजह से इन जिलों के सैकड़ों गांव बाढ़ के पानी में डूब गए हैं। इसके अलावा यूपी के 22 जिले फिलहाल बाढ़ की चपेट में हैं।