Edited By Punjab Kesari,Updated: 12 Sep, 2017 06:05 PM
यूपी के डीजीपी सुल्खान सिंह भले ही अपने पुलिस कर्मियों को जनता से विनम्रता के साथ पेश आने की हिदायत दे चुके हो,....
हमीरपुरः यूपी के डीजीपी सुलखान सिंह भले ही अपने पुलिस कर्मियों को जनता से विनम्रता के साथ पेश आने की हिदायत दे चुके हो, लेकिन इसका उनके ऊपर कोई फर्क नहीं पड़ रहा। ऐसा ही एक ताजा मामला हमीरपुर का है। जहां सिर्फ शक के आधार पर पुलिस ने युवक को इस कदर बेरहमी से पीटा कि उसकी आंख ही फूट गई।
जानकारी के अनुसार मामला चिकासी थाने के रिहुंटा गांव का है। जहां बीते दिनों पुलिस को किसी ने जुआ खेलने की सूचना दी। जिसके बाद यूपी पुलिस 100 की गाड़ी व चिकासी पुलिस के साथ वहां छापा मारने पहुंच गए। वहीं पुलिस को देखकर जुआरी वहां से भाग खड़े हुए। इसी दौरान बाड़े में जानवरों को बांधकर उत्तम(पीड़ित) घर लौट रहा था। तभी पुलिस ने बिना जानकारी लिए उसे जुआरी समझ कर दबोच लिया।
जिसके बाद पुलिस ने शक के चलते ही उत्तम की पिटाई करनी शुरू कर दी। पीड़ित खुद को बेकसूर बताता रहा, लेकिन बेरहम पुलिस ने उसकी एक न सुनी। इस पिटाई के दौरान पीड़ित की दाहिनी आंख बाहर निकल गई। जिससे पुलिस के होश उड़ गए। तत्काल पुलिस ने पीड़ित को गोहाण्ड पीएचसी ले गए। जहां उसकी हालत को गंभीर देखते हुए उसे उरई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है।
पीड़ित के परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि उन्होेंने हमारे बेटे को बेवजह मारा है। इस घटना के बाद गांव में पुलिस के खिलाफ आक्रोश पैदा हो गया है।एसएचओ चिकासी राजेश कुमार का कहना है कि जुए की सूचना पर पुलिस छापा मारने गई थी। पीड़ित के भागने पर पुलिस ने जुआरी होने के शक में पकड़ा था। इसी दौरान उसकी आंख में चोट लग गई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।