Edited By ,Updated: 26 Feb, 2017 02:07 PM
उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सूबे में भाजपा की सरकार बनने पर पूर्वांचल और बुन्देलखंड विकास बोर्ड का पुर्नगठन किया जाएगा...
गोरखपुरः उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सूबे में भाजपा की सरकार बनने पर पूर्वांचल और बुन्देलखंड विकास बोर्ड का पुर्नगठन किया जाएगा।
भाजपा की 2 तिहाई बहुमत से बनेगी सरकार
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जब तक पूर्वांचल और बुन्देलखंड का समुचित विकास नहीं हो जाता तब तक प्रदेश का विकास होना सम्भव नही है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर राज्य के चौमुखी विकास के लिए विशेष तौर पर पूर्वांचल और बुन्देलखंड के विकास के लिए विकास बोर्ड का पुर्नगठन करेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा की आंधी चल रही है और पार्टी 2 तिहाई बहुमत से सरकार बना रही है। अभी तक हुए चुनाव में सपा की साइकिल पंचर हो गई और बसपा साफ हो गई है। जबकि कांग्रेस का तो प्रदेश में कोई वजूद ही नहीं है।
पुलिस थानों पर चलता है सपा का अधिकार
मौर्य ने कहा कि प्रदेश में सत्तारूढ सरकार के शासन में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। पुलिस थाने सपा कार्यालय के रूप में काम कर रहे है। भ्रष्टाचार और अपराध का ग्राफ तेजी से बढ रहा है और विकास कार्य सिफर रहा है। अवैध खनन और जमीनों पर कब्जे कारोबार के रूप में चल रहे है। भाजपा की सरकार बनने पर प्रदेश की जनता को अपराध और भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाई जाएगी और 11 मार्च के बाद अपराधी जेल के भीतर होंगे।
वर्ष 2019 के बाद समाजवादी पार्टी(सपा),बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस का केवल इतिहास ही रह जाएगा। उन्होंने नोटबंदी के बयानो पर पलटवार करते हुए कहा कि कालेधन में नकेल कसने के लिए नोटबंदी का फैसला लिया गया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्णय पर देश की जनता उनके साथ है। पिछले 2 महीनों के भीतर हुए चुनावों में भाजपा की जीत से साफ हो गया है कि जनता भाजपा के पक्ष में है। नोटबंदी से केवल काले धन वाले परेशान हैं।