Edited By Punjab Kesari,Updated: 29 Dec, 2017 05:17 PM
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार के साथ-साथ कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला...
लखनऊः बसपा अध्यक्ष मायावती ने गुरुवार को भाजपा और केंद्र सरकार के साथ-साथ कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। मायावती ने कहा कि संविधान के उद्देश्यों को फेल करने में भाजपा-कांग्रेस चोर-चोर मौसेरे भाई हैं।
उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का भारतीय संविधान आज खतरे में है। लेकिन एक ऐतिहासिक सत्य ये है कि संविधान को उसकी सही मंशा के अनुसार लागू करके देश का व्यापक कल्याण करने के मामले में कांग्रेस किसी भी प्रकार से भाजपा एंड कंपनी से कम फेल नहीं रही।
'संविधान खतरे में है'
राहुल गांधी के 'संविधान खतरे में है' वक्तव्य पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मायावती ने कहा कि यही सही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आरएसएस की विघटनकारी व हिंदुत्ववादी सोच वाली सरकार में देश का संविधान खतरे में है। यह बात भाजपा एंड कंपनी के लोग चाहे लाख नकारे लेकिन यह सभी जानते हैं कि आरएसएस की सोच संविधान व भारतीय संविधान विरोधी रही है।
तनाव के दौर से गुजर रही न्यायपालिका व कार्यपालिका
उन्होंने कहा कि ये लोग मुंह में राम बगल में छुरी की तरह संविधान की शपथ लेकर सरकार में तो आ गए हैं, लेकिन इस संविधान की आड़ में अपनी घोर कट्टरवारी व जातिवादी सोच को लागू करने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं। यही कारण है कि आज देश की हर संवैधानिक व लोकतांत्रिक संस्थाएं, यहां तक कि संसद, न्यायपालिका व कार्यपालिका सभी एक अभूतपूर्व संकट व तनाव के दौर से गुजर रही है।