Edited By Punjab Kesari,Updated: 08 Feb, 2018 10:31 AM
उत्तर प्रदेश की उन्नाव पुलिस ने बांगरमऊ क्षेत्र से 46 लोगों को एड्स का रोगी बनाने वाले फरार झोलाछाप डाक्टर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी डॉक्टर का नाम राजेन्द्र यादव बताया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक पुष्पांजलि ने बताया कि....
उन्नाव(उप्र): उत्तर प्रदेश की उन्नाव पुलिस ने बांगरमऊ क्षेत्र से 46 लोगों को एड्स का रोगी बनाने वाले फरार झोलाछाप डाक्टर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी डॉक्टर का नाम राजेन्द्र यादव बताया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक पुष्पांजलि ने बताया कि आरोपी शिवबक्श खेड़ा निवासी झोलाछाप डॉक्टर राजेन्द्र यादव को बांगरमऊ से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी डॉक्टर को गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
गौरतलब है कि बांगरमऊ कस्बे में अपने को डॉक्टर बताने वाला राजेन्द्र यादव साइकिल से आता था और अपनी क्लीनिक पर मरीजों का उपचार करता था। उसकी लापरवाही से 46 लोगों में जानलेवा बीमारी एड्स की पुष्टि हो गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुशील चौधरी ने बताया कि राजेन्द्र यादव सभी मरीजों को एक ही सुई से इंजेक्शन लगाता था।
जब कस्बे और उसके आसपास के गांव के 566 लोगों की जांच कराई गई तो 38 लोगों में संभावित रूप से एचआईवी पॉजिटिव पाया गया, लेकिन दोबारा जांच कराए जाने पर 36 लोगों में एड्स की पुष्टि हुई है। इन मरीजों को लखनऊ के किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय रेफर कर दिया गया। इस सिलसिले में बांगरमऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी डा. प्रमोद दोहरे ने राजेन्द्र यादव के खिलाफ 31 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी।