Edited By Punjab Kesari,Updated: 08 Jan, 2018 02:19 PM
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में इंसानियत को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। जहां एक शख्स ने 5 साल की मासूम को अपनी हवस का शिकार बना डाला।
बदायूं(उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में इंसानियत को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। जहां एक शख्स ने 5 साल की मासूम को अपनी हवस का शिकार बना डाला। आरोपी के खिलाफ मासूम बच्ची से कथित तौर पर बलात्कार करने का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अलापुर थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली एक महिला ने इस संबंध में मामला दर्ज कराया था। उसने आरोप लगाया कि उसकी 5 वर्षीय बेटी रविवार को जब अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी तभी उसके मुहल्ले का रहने वाला सोहराब बच्ची को बहला कर अपने साथ गन्ने के खेत में ले गया और उसे कथित तौर पर अपनी हवस का शिकार बनाया। इसके बाद आरोपी मासूम को लहुलूहान हालत में छोड़कर फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि जब बच्ची काफी देर तक नजर नहीं आई तो उसका भाई उसे खोजने गया। इस दौरान उसे अपनी बहन के साथ खेल रहे बच्चों से पता लगा कि सोहराब उसे खेत की ओर ले गया है, जिसके बाद परिजन वहां पहुंचे। इस पर सोहराब उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। सूत्रों के मुताबिक पीड़ित बच्ची को लेकर उसकी मां थाने पहुंची और सोहराब के विरुद्ध मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।